IBEX NEWS,शिमला।

शिमला में भारी बारिश के चलते हुए भूस्खलन में प्राचीन शिव बाड़ी मंदिर(Shiv Bari Temple) तबाह हो गया है। हादसे में करीब 25 से 30 लोगों के दबने की आशंका है। राहत व बचाव दलों ने तीन शवों को मलबे से निकाला है। इसमें दो मासूम बच्चों के शव हैं। हादसे में पांच लोग चोटिल हुए हैं।
शिमला के डीसी आदित्य नेगी और एसपी संजीव गांधी घटनास्थल पर मौजूद हैं और राहत व बचाव कार्यों का निरीक्षण कर रहे हैं। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक भूस्खलन की घटना सुबह सवा सात बजे हुई। सोमवार का दिन होने के कारण लोग शिव बाड़ी मंदिर में माथा टेकने आये थे और आरती हो रही थी इसी दौरान मंदिर में भूस्खलन (LandSlide) हो गया। घटनास्थल पर तबाही का मंजर देखकर हर कोई सिहर उठा।
शिमला के एसपी संजीव गांधी ने बताया कि घटनास्थल से तीन शव बरामद हुए हैं। राहत कार्य जारी है। मलबे में कई लोग दबे हैं। इन्हें निकालने की कोशिशें जारी हैं।बता दें कि यह मंदिर पहाड़ी के नीचे स्थित है और पहाड़ी से बार-बार हो रहे भूस्खलन से राहत कार्यों में बाधा आ रही है।