शिमला 25 अप्रैल,
IBEX NEWS,शिमला ।
जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में आज शिमला में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के नेतृत्व में पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने केंडल मार्च निकाला व इस हमले में मारे गए लोगों को अपनी श्रदांजलि देते हुए उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना की व शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की। नाज,शेरे पंजाब से माल रोड़ से यह केंडल मार्च रिज मैदान स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष सम्पन्न हुआ।

इस केंडल मार्च में प्रदेश कांग्रेस मामलों की प्रभारी सांसद रजनी पाटिल,प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू,उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, मंत्री,कर्नल धनीराम शांडिल, यशवर्द्धन सिंह,रोहित ठाकुर, अनिरुद्ध सिंह,सह प्रभारी चेतन चौहान के अतिरिक्त विधायक संजय रत्न,संजय अवस्थी,आशीष बुटेल,कुलदीप सिंह राठौर,सुश्री अनुराधा राणा,पूर्व मंत्री राम लाल ठाकुर सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं, अग्रणी संगठनों के पदाधिकारियो ने अपने अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
प्रदेश मामलों की प्रभारी सांसद रजनी पाटिल ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि आतंकवाद के खिलाफ पूरा देश एकजुट है और कांग्रेस पहलगाम में हुए आतंकी हमले खिलाफ केंद्र सरकार के किसी भी फैंसले के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि इस घटना से पूरा देश आहत है और इस दुख की घड़ी में कांग्रेस देश के साथ खड़ी है।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस हमले में मारे गए लोगों को अपनी श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि इस दुःखद घटना से पूरे देश मे आक्रोश है। उन्होंने कहा कि इस हमले में उन निर्दोष लोगों की हत्या की गई जो अपने परिवार के साथ कश्मीर घूमने गए थे,बहुत ही दुःखद है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एहतियात के तौर पर प्रदेश सरकार ने अपनी सभी सीमाओं पर भी कड़ी चौकसी बढ़ा दी है।
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने इस हमले पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि आज पूरा देश इस हमले में मारे गए लोगों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट कर रहा है और उनके परिवारों के साथ खड़ा है। आंतकवादियो की इस कायरता के लिये कड़ी सजा दी जानी चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि आंतकवादियो ने निर्दोष लोगों की हत्या ही नही की,बल्कि यह देश व मानवता पर हमला किया है,जिसे कभी सहन नही किया जा सकता। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है आतंकवाद का समूल खात्मा हो व इस हमले के जिम्मेबार लोगों को कड़ी से कड़ी सजा मिले जिससे भविष्य कोई भी ऐसी घटना को अंजाम न दे सकें।
इस दौरान सभी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के आगे केंडल लाईट के साथ दो मिनट का मौन रखा व दिवंगत आत्माओ के प्रति अपने अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए।