ज़मीनी विवाद पर दो परिवारों बीच हुए हमले में एक व्यक्ति की बाजू ही काट कर अलग कर दी और आरोपी फ़रार हो गया।

Listen to this article

IBEX NEWS नेटवर्क,शिमला।

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के उपमंडल शिलाई में जमीनी विवाद पर एक गांव के दो परिवारों के बीच हुए जानलेवा हमले में एक व्यक्ति की बाजू काटकर अलग कर दी। घायल का पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार किया जा रहा है। उधर, शिलाई पुलिस घटना की जांच में जुट गई है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। जानकारी के अनुसार कांडो भटनोल पंचायत के भटनोल में हुए जानलेवा हमले का कारण जमीन को लेकर कोई पुरानी रंजिश बताई जा रही है। इस विवाद को लेकर दो परिवारों में पहले कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद इतना अधिक बढ़ गया कि इसी गांव के व्यक्ति ने धारदार हथियार (दराट)से सामने वाले की बाजू पर हमला कर दिया।

उसने बचने की कोशिश की, लेकिन खुद को नहीं बचा सका। दराट का वार सीधा उसकी बाजू पर हुआ, जो कटकर अलग हो गई। घायल अवस्था में शिलाई अस्पताल लाया गया। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायल उसको पीजीआई भेज दिया है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।