रविवार को लाहौल के जाहलमा नाले में बाढ़ आने से रिहायशी इलाकों में अफरा तफरी मच गई। गर्मी से ग्लेशियरों के पिघलने से बढ़ा जलस्तर।
हिमाचल प्रदेश में पांच और छह जुलाई को बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम केंद्र शिमला के अनुसार पांच जुलाई और छह जुलाई को कुछ स्थानों पर वर्षा और गर्जना की संभावना है।
IBEX NEWS,शिमला।
जनजातीय जिला में लगातार नालों में बाढ़ आ रही है। रविवार को लाहौल के जाहलमा नाले में बाढ़ आने से रिहायशी इलाकों में अफरा तफरी मच गई। नाले में बाढ़ आने से मलबे की वजह से चिनाब नदी में भी गाद भर गई जिसकी वजह से करीब 45 मिनट तक नदी का प्रवाह 70 फीसदी तक रुका रहा। मगर बाद में धीरे-धीरे नदी का जलस्तर सामान्य होने से लोगों ने राहत की सांस ली।


जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर बाद करीब 3:45 बजे बाढ़ से जाहलमा, जुंडा, फूड़ा, हालिंग, गोहरमा, रापड़िंग व कोठी गांव के लोगों के खेतों को निकाली गई सिंचाई के कूहलें भी इसकी चपेट में आ गईं।



कूहलों के ध्वस्त होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। वहीं नाले में भारी मलबा आने से केलांग-उदयपुर मार्ग के साथ इस नाले पर लगा जाहलमा पुल को भी खतरा हो गया है।
बाढ़ से जोबरंग गांव के नीचे पहले से बनी झील का जलस्तर भी बढ़ गया और गांव के किसानों के खेतों के जलमग्न होने का खतरा पैदा हो गया है। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में तेज धूप होने से पहाड़ों में ग्लेशियर तेजी से पिघल रहे हैं। इसी कारण साफ मौसम में भी नदी नालों का जलस्तर बढ़ रहा है और साथ में बाढ़ जैसे हालत भी बन रहे हैं। एसडीएम उदयपुर केशव राम ने कहा कि बाढ़ से हुए नुकसान की रिपोर्ट राजस्व विभाग से मांगी गई है। उन्होंने घाटी में आ रहे पर्यटकों, ट्रैकरों व स्थानीय लोगों से भी नदी नालों से दूर रहने की अपील की है।


हिमाचल प्रदेश में पांच और छह को येलो अलर्ट जारी
हिमाचल प्रदेश में पांच और छह जुलाई को बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम केंद्र शिमला के अनुसार पांच जुलाई और छह जुलाई को कुछ स्थानों पर वर्षा और गर्जना की संभावना है। सोमवार और मंगलवार को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। रविवार को कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि अधिकतम तापमान बिलासपुर में 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया
