राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज शिमला पहुंचेगी। द्रौपदी मुर्मू अपने परिवार के 8 सदस्यों के साथ 5 दिन के दौरे पर शिमला आ रही हैं। वह शिमला से करीब 13 किलोमीटर दूर छराबड़ा स्थित राष्ट्रपति निवास रिट्रीट में रुकेंगी

Listen to this article

IBEX NEWS,शिमला।

देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज शिमला पहुंचेगी। द्रौपदी मुर्मू अपने परिवार के 8 सदस्यों के साथ 5 दिन के दौरे पर शिमला आ रही हैं। वह शिमला से करीब 13 किलोमीटर दूर छराबड़ा स्थित राष्ट्रपति निवास रिट्रीट में रुकेंगी। सुबह 10:00 बजे कल्याणी हेलिपैड पर राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल और स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल राष्ट्रपति की अगवानी करेंगे। यहां से राष्ट्रपति राजधानी शिमला से सटे छराबड़ा में अपने अधिकारिक निवास स्थान रिट्रीट जाएंगी। 4 से 8 मई तक अपने परिवार के कुछ सदस्यों के साथ यहां रुकेंगी। 8 मई को राष्ट्रपति वापस दिल्ली जाएंगी।

राष्ट्रपति मुर्मू सेना के विशेष विमान से जुब्बड़हट्टी या फिर कल्याणी हेलिपेड छराबड़ा में लैंड करेंगी। राष्ट्रपति आज यदि कल्याणी हेलिपेड उतरती है तो शहर की जनता को ज्यादा परेशान नहीं होना पड़ेगा। यदि राष्ट्रपति जुब्बड़हट्टी उतरती हैं तो जुब्बड़हट्‌टी से छराबड़ा तक पूरा ट्रैफिक रोक दिया जाएगा।इस दौरान छराबड़ा से शिमला को राष्ट्रपति की मूवमेंट शुरू होने से आधा घंटा पहले अप्पर शिमला की गाड़ियां छराबड़ा में रोक दी जाएगी। इसी तरह सुन्नी व करसोग साइड से शिमला आने वाली गाड़ियां मशोबरा में रोक दी जाएगी। इससे स्थानीय लोगों सहित पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। शहर में सड़क किनारे किसी भी व्यक्ति को गाड़ी पार्क करने की इजाजत नहीं दी जाएगी।

यातायात व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के लिए भी काफी संख्या में जवान तैनात हैं। केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने भी मोर्चा संभाला है। सीआईडी अलग से सुरक्षा व्यवस्था में तैनात है। रिज और मालरोड पर भी पहरा कडा है। पुलिस अधिकारी और जवान सुरक्षा व्यवस्था में रहेंगे। सुरक्षा के लिहाज से शहर के प्रवेश द्वार पर भी गाड़ियों की चेकिंग की जा रही है।

राष्ट्रपति मुर्मू आज शिमला पहुंचेगी और अपने निवास रिट्रीट में रुकेंगी। पांच मई को राष्ट्रपति कैचमेंट एरिया कुफरी का दौरा करेंगी। इस दौरान वह कुफरी जू भी जा सकती है। छह मई को मुर्मू कांगड़ा जिला में केंद्रीय विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में भाग लेगी। शाम को वापस शिमला लौटेंगी।सात मई को वह शिमला के संकटमोचन मंदिर और तारादेवी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी। इसके बाद मॉलरोड पर भ्रमण करेंगी और शाम के वक्त गेयटी थियेटर में सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम में शामिल हो सकती हैं। इसके बाद राजभवन में रात्रि भोज का आयोजन होगा। आठ मई को वह द्रौपदी मुर्मू शिमला से वापस दिल्ली रवाना होंगी।