हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर के कोर्ट परिसर में हुई फायरिंग की घटना के मास्टरमाइंड आरोपी पुरंजन ठाकुर को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार किया।

Listen to this article

IBEX NEWS,शिमला।

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर के कोर्ट परिसर में हुई फायरिंग की घटना के मास्टरमाइंड आरोपी पुरंजन ठाकुर को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी लेकिन कोर्ट में पेश होने से पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।बिलासपुर गोलीकांड में कई परतें खुलकर सामने आ रही हैं। पुलिस की छानबीन में कई अहम खुलासे ऐसे हुए हैं। पुलिस रिमांड के दौरान शूटर सन्नी ने कबूला है कि उससे इस गोलीकांड को अंजाम देने के लिए पांच लाख रुपये और नौकरी देने का सौदा पूर्व विधायक के बेटे पुरंजन ने किया था। शूटर का यह भी कहना है कि मास्टरमाइंड पुरंजन ने ही गोलियों से भरा कट्टा उपलब्ध करवाया था।गोलीकांड के शूटर सन्नी गिल (33) ने पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में खुलासा किया कि उसके माता-पिता का निधन हो चुका है। जब यह नाबालिग था तो उस पर इसकी माता की हत्या का केस दर्ज हुआ था। करीब आठ माह से आनंदपुर साहिब में रह रहा है। वहां पर बस अड्डा में कुछ समय के लिए टायलेट, बाथरूम में सफाई का कार्य किया। उसके बाद चिकन की दुकान पर भी काम किया, लेकिन लड़ाई-झगड़ा होने के कारण काम छूट गया और वह बेरोजगार हो गया। वह काफी समय से बिलासपुर के सुंगल गांव के संदीप उर्फ सैंडी के संपर्क में था। उसने सैंडी से काम दिलवाने को कहा था। सैंडी ने पुरंजन ठाकुर उर्फ गोलू के बारे में बताया था कि वह पूर्व विधायक का बेटा है और उसका अच्छा दोस्त है। कहा था कि वह उसे काम दिलवा सकता है।

पुरंजन ठाकुर पर आरोप है कि उसने पंजाब के लुधियाना निवासी सन्नी गिल को 20 जून को दिनदहाड़े गोली चलाने का आदेश दिया था। शूटर सन्नी ने खुद पुलिस पूछताछ में यह बात बताई। इसके बाद से पुलिस पिछले पांच दिनों से पुरंजन ठाकुर की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह छापेमारी कर रही थी। हालांकि, पुलिस ने आज कोर्ट में पेशी से पहले ही आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल कर ली।

पूर्व विधायक के बेटे का नाम सामने आने के बाद इस मामले में राजनीति भी हो रही है। गोलीकांड को लेकर भारतीय जनता पार्टी पहले ही दिनदहाड़े बिलासपुर में प्रदर्शन कर चुकी है। वरिष्ठ भाजपा नेता जयराम ठाकुर, राजीव बिंदल आदि लगातार कानून व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।दरअसल, 20 जून को बिलासपुर जिला न्यायालय के बाहर एक युवक को दिनदहाड़े गोली मार दी गई थी। पुलिस के मुताबिक, जब मामले की जांच की गई तो गोलीकांड का मास्टरमाइंड पूर्व विधायक बंबर ठाकुर का बड़ा बेटा पुरंजन ठाकुर निकला। पुलिस ने हत्या के प्रयास के साथ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। शूटर ने पुलिस को बताया कि पुरंजन ने उसे सौरभ पटियाल पर गोली चलाने के लिए बुलाया था। इसके लिए पैसों का लेन-देन भी तय हो गया था। कुछ पैसे उसे पहले मिल गए थे और कुछ काम होने के बाद दिए जाने थे।एसपी बिलासपुर विवेक चहल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसका खुलासा किया।