कांगड़ा जिला की उफनती बनेर खड्ड में फंसे 6 लोग, लगभग दो घंटे चला बचाव अभियान, दमकल अधिकारी की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा।

Listen to this article

भारी बारिश के बाद बनेर खड्ड में अचानक जलस्तर बढ़ गया और छह लोग फंस गए। 

दमकल विभाग का कार्यालय खड्ड के बिल्कुल समीप है। दमकल अधिकारी अशोक राणा ने बताया कि अचानक खड्ड का जलस्तर बढ़ने लगा। उनके कमरे से यह साफ दिख रहा था। वह तुरंत भागकर खड्ड के समीप पहुंचे और अभियान में जुट गए।

IBEX NEWS,शिमला।

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला की बनैर खड्ड में आज सुबह छह पर्यटक नहाने के लिए उतर गए। इस दौरान अचानक खड्ड का जल स्तर बढ़ गया और सभी पर्यटक खड्ड के बीचोबीच फंस गए। कड़ी मशक्कत के बाद स्थानीय प्रशासन ने पर्यटकों का रेस्क्यू किया।कांगड़ा जिले के ऊपरी क्षेत्रों में भारी बारिश के बाद बनेर खड्ड में अचानक जलस्तर बढ़ गया और छह लोग फंस गए। उफनती खड्ड के बीच फंसे छह लोगों में चीखपुकार मच गई। इसमें पांच लोग यूपी, जबकि एक स्थानीय युवक था। सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने बचाव अभियान शुरू किया और सभी छह लोगों को सुरक्षित खड्ड से बाहर निकाला। बचाव अभियान में शामिल दमकल अधिकारी अशोक राणा के साहस की हर ओर तारीफ़ हो रही है। जानकारी के अनुसार तड़के करीब सवा छह बजे बनेर खड्ड में करीब 150 लोग नहाने के लिए उतरे थे। दमकल विभाग का कार्यालय खड्ड के बिल्कुल समीप है। दमकल अधिकारी अशोक राणा ने बताया कि अचानक खड्ड का जलस्तर बढ़ने लगा। उनके कमरे से यह साफ दिख रहा था। वह तुरंत भागकर खड्ड के समीप पहुंचे।

खड्ड किनारे नहा रहे लोगों को बाहर आने के लिए कहा। लेकिन खड्ड के बीच पत्थर पर खड़े छह लोग फंस गए। देखते ही देखते खड्ड का बहाव और बढ़ने लगा। फंसे लोगों ने चिल्लाना शुरू कर दिया। दमकल अधिकारी ने फंसे लोगों में से एक के साथ मोबाइल से बात की और उन्हें शांत और हौसला रखने के लिए कहा। सबसे पहले रस्सी और लाइफ सेविंग जैकेट के सहारे अशोक राणा उनके पास पहुंचे, उनका हौसला बढ़ाया और करीब दो घंटे तक के जोखिम भरे इस बचाव अभियान के बाद सबकी जान बचा ली गई। राणा ने बताया कि यूपी के बुलंदशहर और हापुड़ जिले के लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इनके साथ ही एक स्थानीय युवक राहुल सुरक्षित बचाया गया।  

हिमाचल सरकार बार बार पर्यटकों सहित स्थानीय लोगों को भी नदी नालों और लैंड स्लाइड संभावित क्षेत्रों में नहीं जाने की अपील कर रही है। मगर कुछ पर्यटकों पर इसका असर नहीं पड़ रहा।सरकार की एडवाइजरी को नजर अंदाज करके टूरिस्ट नदियों में उतर रहे हैं। ऊंचे पहाड़ों पर बारिश होने की वजह से नदी-नालों का अचानक जल स्तर अचानक बढ़ जाता है। इससे पर्यटक फंस जाते है।