Listen to this article

हिमाचल प्रदेश के संजौली में बन रही मस्जिद पर जबरदस्त बवाल, सुक्खू सरकार के मंत्री ने कहा- अवैध निर्माण को तुरंत हटाओ, पढ़ें पूरी खबर..

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में कथित रूप से अवैध मस्जिद को लेकर बवाल मच गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शिमला के संजौली में बनी अवैध मस्जिद से जुड़ी कंट्रोवर्सी बढ़ती ही जा रही है और प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार में मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने अवैध निर्माण को तुरंत हटाने की मांग की है। शिमला के चौड़ा मैदान में हिंदू संगठनों के लोग प्रदर्शन कर रहे हैं। संजौली में जहां पर मस्जिद बनी है, वहां आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। बताया जा रहा है कि संजौली में बाजार के ठीक साथ में यह मस्जिद बनाई गई है और इसकी दो मंजिलें अवैध हैं..पढ़ें विस्तार से..

IBEX NEWS, शिमला

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में कथित रूप से अवैध मस्जिद को लेकर बवाल छिड़ गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शिमला के संजौली में बनी अवैध मस्जिद से जुड़ी कंट्रोवर्सी बढ़ती ही जा रही है और प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार में मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने अवैध निर्माण को तुरंत हटाने की मांग की है। शिमला के चौड़ा मैदान में हिंदू संगठनों के लोग प्रदर्शन कर रहे हैं। संजौली में जहां पर मस्जिद बनी है, वहां आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। बताया जा रहा है कि संजौली में बाजार के ठीक साथ में यह मस्जिद बनाई गई है और इसकी दो मंजिलें अवैध हैं।

संजौली बाजार में प्रदर्शन को देखते हुए चप्पे-चप्पे पर पुलिस जवान तैनात रहे। इस दौरान संजौली चौक पर क्यूआरटी के जवानों ने मोर्चा संभाला हुआ था। बाजार के अलावा लक्कड़ बाजार-आईजीएमसी जाने वाले मार्ग के अलावा वॉकवे पर भी जगह-जगह पुलिस के जवान तैनात थे। इसके अलावा विवादित धार्मिक स्थल के आसपास भी बड़ी संख्या में पुलिस जवानों की तैनाती की गई थी।

मस्जिद अवैध तरीके से बनाई गई’

मस्जिद के अवैध होने की वजह से इन्हें तोड़ने की मांग की जा रही है। बता दें कि इसी रविवार को यहां पर प्रदर्शन हुआ था और अब मामले ने तूल पकड़ा है। ऐसे में सरकार ने किसी भी तरह की अनहोनी से बचने के लिए संजौली में 5 किमी के दायरे में पुलिस बल की तैनाती की है। पूरे इलाके में दोपहर 12 बजे तक सब कुछ शांत था लेकिन फिर भीड़ एकाएक मौके पर पहुंच गई है। इस बीच हिमाचल प्रदेश की सरकार में मंत्री अनिरूद्ध सिंह ने आरोप लगाया कि मस्जिद को अवैध तरीके से बाहरी लोगों ने बनाया है और इसे तुरंत हटाया जाए।

लोगों में रोष इस बात का था कि प्रशासन की आंखों के सामने सालों से अवैध निर्माण होता रहा लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। सरकार से बाहर से आने वाले प्रवासी लोगों को पंजीकरण करने और सड़कों के किनारे अवैध रूप से रेहड़ी-फड़ी सजाने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की मांग की। लोगों का कहना है कि बाहर से आने वाले लोग शहर की कानून व्यवस्था को खराब कर रहे हैं। हिंदू जागरण मंच के पूर्व पदाधिकारी कमल गौतम ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार को इस मामले में दो दिन के भीतर कार्रवाई करनी होगी। उन्होंने कहा कि शनिवार को नगर निगम आयुक्त की कोर्ट में इसकी सुनवाई होनी है। इसके बाद भी अगर अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई नहीं हुई तो लोग दोबारा हजारों की संख्या में प्रदर्शन करने को मजबूर हो जाएंगे। प्रदर्शन में महिलाओं ने भी भाग लिया।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी इस मसले पर बयान दिया है। सुक्खू ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश में सभी धर्मों का सम्मान होता है। उन्होंने मस्जिद के विरोध में उतरी भीड़ को लेकर कहा कि किसी को भी कानून हाथ में लेने का हक नहीं है। सीएम ने कहा कि इस मामले में संविधान के हिसाब से कानून के दायरे में रहकर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इसे सांप्रदायिक नजरिए से देखने की जरूरत नहीं है। मुख्यमंत्री ने मस्जिद को अवैध तरीके से बनाने के सवाल पर कहा कि अगर अवैध पाई गई तो कार्रवाई होगी।

WhatsApp Group Join Now