IBEX NEWS,शिमला
कांग्रेस मीडिया विभाग के प्रमुख और प्रदेश उपाध्यक्ष नरेश चौहान ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से कहा कि प्रदेश की जनता के सामने सरकार के साढ़े चार साल का रिपोर्ट कार्ड रखें। सोमवार को शिमला से जारी बयान में उन्होंने आगे भी आरोप लगाया है कि सरकार ने साढ़े चार साल कुछ नहीं किया। अब चुनावों में हार देखकर जनता को फ्री की सुविधाएं देने की घोषणा कर रहे हैं। अगर सरकार ने साढ़े चार साल काम किया है तो मुख्यमंत्री विकास के नाम पर वोट मांगकर दिखाएं। आज प्रदेश के कर्मचारी, बेरोजगार युवा, किसान बागवान परेशान होकर सड़कों पर आंदोलन कर रहे हैं और सरकार किसी की सुन ही नहीं रही है। जिससे साबित होता है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर में लोगों का सामना करने का साहस ही नहीं है।

नरेश चौहान ने कहा कि जयराम सरकार के खिलाफ प्रदेश की जनता में भारी आक्रोश है। जनता से भाजपा को सत्ता से बाहर करने का मन बना लिया है। अब चुनावों में अपनी हार को देखकर मुख्यमंत्री जनता को फ्री में सुविधाएं देने का ऐलान कर रहे हैं। नरेश चौहान ने मुख्यमंत्री से सवाल करते हुए कहा कि आखिर साढ़े चार साल बाद क्यों जनता को सुविधाएं देने की याद आई है। इससे पहले सरकार क्या कर रही थी। चुनावों के समय होने वाली ऐसी घोषणाओं से कुछ नहीं होने वाला है। प्रदेश की जनता सरकार से परेशान है। जयराम सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है जिसके कारण ही मुख्यमंत्री विकास की बात नहीं करते हैं।
नरेश चौहान ने कहा की बढ़ी महंगाई से प्रदेश की महिलाएं परेशान है। महिलाओं को अब किचन चलाना मुश्किल हो गया है। सरकार ने दूध दही पर भी जीएसटी लगाकर लोगों को साथ अन्याय किया है। कर्मचारी ओपीएस को लेकर सड़कों पर आंदोलन कर रहे हैं लेकिन सरकार कमेटिंयों को गठन कर गुमराह कर रही है। प्रदेश में बेरोजगारों की संख्या 10 लाख से अधिक हो गई है। सरकार युवाओं को रोजगार देने में पूरी तरह नाकाम है। वहीं किसान बागवान भी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं लेकिन सरकार किसी की समस्याओं का समाधान करने के लिए कोई कदम नहीं उठा सकी है। जिससे अब जयराम सरकार की विदाई तय है।