राजधानी शिमला के मालरोड पर छह साल पुरानी लिफ्ट की उद्घाटन पट्टिका हटाने को लेकर सोमवार को खूब हंगामा हुआ।

Listen to this article

 IBEX NEWS शिमला।

राजधानी शिमला के मालरोड पर छह साल पुरानी लिफ्ट की उद्घाटन पट्टिका हटाने को लेकर सोमवार को खूब हंगामा हुआ।

पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह के नाम वाली इस उद्घाटन पट्टिका को सोमवार सुबह लोक निर्माण विभाग ने हटवा दिया। विभाग यहां शौचालय के लिए सीढ़ियां बना रहा है।

ठेकेदार के मजदूरों ने यह पट्टिका उतारकर यहीं सड़क किनारे रख दी। दोपहर करीब 12:00 बजे लोअर बाजार से पार्षद रहे इंद्रजीत सिंह यहां से गुजरे।

पूर्व सीएम के नाम वाली 2016 की उद्घाटन पट्टिका सड़क पर देखकर मजदूरों से पूछा कि इसे क्यों हटाया गया। जवाब नहीं मिला तो नगर निगम आयुक्त से संपर्क किया। आयुक्त को इसकी जानकारी नहीं थी।

इंद्रजीत ने इसके बाद लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को फोन लगाया। यहां से जवाब मिला कि सीढ़ियां बनाने के लिए पट्टिका हटाई है। इस पर इंद्रजीत भड़क गए और मौके पर ही धरने पर बैठ गए।

बोले कि चुनावी साल में भाजपा सरकार पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह के किए कामों को छिपाने के लिए ऐसा कर रही है। चुनावी साल में भाजपा सरकार सिर्फ अपनी उपलब्धियां दिखाने के लिए ऐसा कर रही है। ऐसी राजनीति नहीं चलेगी।

सोशल मीडिया पर चंद मिनटों में ही यह खबर पूरे शहर में फैल गई। कई कांग्रेसी और स्थानीय लोग भी इंद्रजीत के समर्थन में आ गए। कई मौके पर धरना देने के लिए चल पड़े।

उधर जैसे ही अफसरों को इसका पता चला कि खुद कई अधिकारी मौके पर पहुंच गए और मजदूरों से तुरंत यह पट्टीका वापस लगवाई। इसके बाद पार्षद ने भी धरना खत्म कर दिया है।