
IBEX NEWS,शिमला
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रामपुर शहर से सटे कुल्लू जिले के निरमंड की जगातखाना पंचायत में नाले में फ्लेश फ्लड में कई गाड़ियां बह गई । शनिवार शाम करीब 6 बजे बादल फटने की घटना हुई जिससे इलाके में भारी तबाही का मंजर देखने को मिला
इससे कई रिहायशी मकानों और स्थानीय सड़कों को भी गंभीर नुकसान पहुंचा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक तेज बारिश शुरू हुई और चंद मिनटों में जलप्रवाह इतना तेज हो गया कि एक छोटा नाला विकराल रूप ले बैठा। देखते ही देखते गाड़ियां बहने लगीं और कुछ घरों में पानी और मलबा घुस गया। कई घरों के आंगन और खेत भी बर्बाद हो गए हैं।

गाड़ियाँ बहकर सतलुज नदी के किनारे पहुंच गई ।ये गाड़ियाँ सड़क किनारे पार्क की थी।सूचना मिलते ही राजस्व विभाग, पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया और राहत शिविरों की व्यवस्था की।
उपमंडल अधिकारी आनी ने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।










