
सिरमौर और कुल्लू में सबसे ज्यादा उत्साह, कल आएंगे जिला परिषद और पंचायत समितियों के नतीजे
इस वर्ष तीनों चरणों को मिलाकर प्रदेश में कुल 81% मतदान दर्ज हुआ है, जो वर्ष 2021 (78%) की तुलना में 3 प्रतिशत अधिक है। राज्य निर्वाचन आयोग ने इस सफलता के लिए पुलिस, चुनाव ड्यूटी स्टाफ और जनता का आभार प्रकट किया है।
IBEX NEWS BUREAU,शिमला |
हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के सामान्य निर्वाचन का तीसरा और अंतिम चरण आज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। लोकतंत्र के इस महापर्व में प्रदेश के ग्रामीण मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, अंतिम चरण में 1189 ग्राम पंचायतों में औसतन 80% मतदान दर्ज किया गया है। गौर करने वाली बात यह है कि अंतिम रिपोर्ट आने तक इस आंकड़े में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।
महिला शक्ति का दबदबा: 9 जिलों में पुरुषों को पछाड़ा
इस बार के चुनावों में प्रदेश की नारी शक्ति ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। प्रदेश के कुल 12 में से 9 जिलों में महिला मतदाताओं का प्रतिशत पुरुषों से अधिक रहा। विशेषकर जिला सिरमौर में महिलाओं ने 86% मतदान कर राजनीतिक जागरूकता का परिचय दिया। निर्वाचन आयोग ने इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में महिलाओं की बढ़ती सहभागिता और सशक्तिकरण का बड़ा प्रतीक बताया है।

सिरमौर और कुल्लू ‘टॉप’ पर, भाटगढ़ पंचायत ने बनाया रिकॉर्ड
मतदान प्रतिशत के मामले में जिला सिरमौर और कुल्लू संयुक्त रूप से प्रदेश में अव्वल रहे, जहाँ 85-85% वोटिंग हुई। वहीं, सिरमौर के विकास खंड ददाहू की ग्राम पंचायत भाटगढ़ ने मिसाल पेश करते हुए 95% मतदान किया। दूसरी ओर, दुर्गम जिला लाहौल-स्पीति में सबसे कम 71% मतदान दर्ज किया गया।
चुनावी नतीजों का पूरा शेड्यूल: कब क्या आएगा?
राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव सुरजीत सिंह राठौर ने मतगणना को लेकर विस्तृत जानकारी साझा की है:
• प्रधान, उप-प्रधान व वार्ड सदस्य: इनकी मतगणना आज ही जारी है और नतीजे देर रात तक घोषित कर दिए जाएंगे।
• जिला परिषद व पंचायत समिति: 250 जिला परिषद वार्डों और 1684 पंचायत समिति वार्डों के लिए मतगणना कल, 31 मई 2026 को होगी।
• नगर निगम चुनाव: 17 मई को हुए 4 नगर निगमों के चुनावों की मतगणना भी कल सुबह 9:00 बजे से शुरू होगी।
पुनर्मतदान और विशेष रिपोर्ट
शिमला जिले के रामपुर की ग्राम पंचायत नैरन (वार्ड-1) में आज पुनर्मतदान करवाया गया, जहाँ 88% वोट पड़े। यहाँ 26 मई को मतदान के दौरान तकनीकी त्रुटि के कारण स्वास्तिक की जगह नोटा (NOTA) स्टैम्प का प्रयोग हो गया था। इसी तरह चम्बा के तिस्सा में स्थगित हुए चुनाव के वार्ड में आज 91% भारी मतदान देखा गया।इस वर्ष तीनों चरणों को मिलाकर प्रदेश में कुल 81% मतदान दर्ज हुआ है, जो वर्ष 2021 (78%) की तुलना में 3 प्रतिशत अधिक है। राज्य निर्वाचन आयोग ने इस सफलता के लिए पुलिस, चुनाव ड्यूटी स्टाफ और जनता का आभार प्रकट किया है।



