
IBEX NEWS BUREAU,शिमला, 7 जून। संजौली में एक दर्जी की दुकान पर कथित तौर पर घुसकर मारपीट करने, सीसीटीवी कैमरे क्षतिग्रस्त करने तथा दो लोगों का सरेआम जुलूस निकालने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस थाना संजौली में इस संबंध में अभियोग संख्या 39/2026 विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता अजीम मिर्जा ने आरोप लगाया है कि 6 जून को कुछ लोग उसकी दुकान में पहुंचे और एक युवती को साथ लाकर उससे पहचान संबंधी प्रश्न पूछने लगे। शिकायत के मुताबिक युवती द्वारा पहचान से इंकार किए जाने के बाद आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की, दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की तारें तोड़ दीं तथा उसका वीडियो बनाने का प्रयास किया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि बाद में उसे और उसके सहकर्मी आफताब को दुकान से बाहर सड़क तक ले जाकर मारपीट की गई तथा नारेबाजी की गई।
पुलिस ने बताया कि संबंधित युवती की शिकायत पर महिला थाना शिमला में एक अन्य मामले में उबैद नामक आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया जा चुका है। हालांकि पीड़िता की शिकायत और बयान में अजीम व आफताब के खिलाफ कोई आरोप नहीं लगाए गए हैं, फिर भी उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार जांच के दौरान कुछ लोगों द्वारा कानून अपने हाथ में लेकर दोनों व्यक्तियों के साथ मारपीट करने और उनका जुलूस निकालने की घटना सामने आई। मामले में मदन ठाकुर (43) निवासी देवघोडी, शिमला तथा विजय शर्मा (47) निवासी संजौली को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले की जांच जारी है।



