
उपायुक्त ने कलाकारों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर किया सम्मानित
IBEX NEWS BUREAU,शिमला
अंतर्राष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव-2026 के तहत 08 जून से 12 जून तक लगातार पांच दिन प्रस्तुति देने वाले कलाकारों के लिए आज यहाँ बचत भवन सभागार में अंतर्राष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव आयोजन समिति द्वारा आभार समारोह आयोजित किया गया।
इस आभार समारोह में उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र पटियाला के माध्यम से आए उत्तराखंड, राजस्थान, हरियाणा और जम्मू व कश्मीर के दल, वाद्य यंत्र वादक दल में महासू युवक सांस्कृतिक मंडल केदी कुपवी, जयेश्वरी सांस्कृतिक दल ठियोग, कोटेश्वरी सांस्कृतिक दल ठियोग, धरोहर डांस ग्रुप तथा फन एक्टिविटी (गोरिला, पांडा, टेडी बेयर आदि) दल के सदस्य शामिल रहे।
उपायुक्त एवं अध्यक्ष अंतर्राष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव आयोजन समिति अनुपम कश्यप ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव को एक उत्सव के रूप में आयोजित करने के इन कलाकारों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने न केवल स्थानीय लोगों का मनोरंजन किया बल्कि पर्यटकों को भी थिरकने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन इन सभी दलों का आभार व्यक्त करता है और आशा व्यक्त करता है कि यह सभी यहाँ से सुनहरी यादें लेकर वापस अपने राज्यों और क्षेत्रों में जायेंगे। उन्होंने कहा कि इस वर्ष का अंतर्राष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव इन कलाकारों की बदौलत ही सभी के लिए अविस्मरणीय बना है।
उन्होंने सभी दलों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
इस दौरान अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी (प्रोटोकॉल) ज्योति राणा, जिला भाषा अधिकारी सरोजना नरवाल, सहायक वित्त नियंत्रक हेमंत जोक्टा सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
-०-
पुलिस और होमगॉर्ड बैंड किये सम्मानित, मलखम्ब दल का किया आभार व्यक्त
इस कड़ी में उपायुक्त एवं अध्यक्ष अंतर्राष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव आयोजन समिति अनुपम कश्यप ने आज हिमचाल प्रदेश पुलिस ब्रास बैंड भराड़ी और हिमाचल होम गार्ड बैंड सेकंड बटालियन के सभी जवानों को प्रशस्ति पत्र और स्मृतिचिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि पुलिस व होम गॉर्ड के जवान न केवल लोगों की सुरक्षा करते हैं बल्कि गीत-संगीत जैसे गतिविधियों में भी इनका प्रदर्शन उत्तम दर्जे का है। उन्होंने पुलिस और होमगार्ड बैंड को बेहतरीन प्रस्तुति के लिए बधाई दी।
इसके अतिरिक्त, उपायुक्त ने एकलव्य मलखम्ब दल दिल्ली के सभी सदस्यों को भी प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने में खेल गतिविधियां बेहद महत्वपूर्ण होती हैं और मलखम्ब जैसी गतिविधि तो शारीरिक और बौद्धिक क्षमता का पूर्ण विकास सुनिश्चित करती है। उन्होंने मलखम्ब दल का अंतर्राष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव-2026 में भाग लेने लिए आभार व्यक्त किया और आशा व्यक्त की कि आगे भी यह दल ऐसे ही युवाओं को नशे से दूर रहते हुए स्वस्थ रहने के लिए खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित करता रहेगा।
इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह, अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी (प्रोटोकॉल) ज्योति राणा सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
-०-




