210 पुलिस-होमगार्ड कर्मी, 32 बाइक राइडर्स, 3 क्रेन और 50 स्वयंसेवकों की तैनाती; वैकल्पिक मार्गों के उपयोग पर जोर
IBEX NEWS BUREAU,शिमला, 13 जून:
पर्यटन सीजन के दौरान शिमला में बढ़ते वाहनों के दबाव को देखते हुए जिला पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए हैं। पुलिस के अनुसार मई 2026 में शोगी, बिलासपुर और किन्नौर की ओर से करीब 8.5 लाख वाहनों की आवाजाही दर्ज की गई, जबकि जून माह में अब तक 3.8 लाख वाहन विभिन्न प्रवेश बिंदुओं से शिमला पहुंचे हैं।
बढ़ते ट्रैफिक दबाव से निपटने के लिए शिमला पुलिस ने यातायात ड्यूटी पर तैनात पुलिस और होमगार्ड कर्मियों की संख्या 127 से बढ़ाकर 210 कर दी है। इसके अलावा समर फेस्टिवल के दौरान तैनात लगभग 70 अतिरिक्त पुलिस कर्मियों को भी शहर में बनाए रखा गया है। करीब 50 सिविल वालंटियर्स और छात्र स्वयंसेवक भी ट्रैफिक प्रबंधन में सहयोग कर रहे हैं।
पुलिस ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में 32 ट्रैफिक बाइक राइडर्स और इंटरसेप्टर वाहन तैनात किए हैं, जो यातायात नियमों के उल्लंघन पर त्वरित कार्रवाई के साथ ट्रैफिक को सुचारु बनाए रखने में मदद कर रहे हैं।
बेहतर निगरानी के लिए पूरे शहर को पांच सेक्टरों में विभाजित किया गया है और प्रत्येक सेक्टर की जिम्मेदारी एक राजपत्रित अधिकारी को सौंपी गई है। प्रमुख पार्किंग स्थलों पर भी विशेष पुलिस व्यवस्था की गई है ताकि वाहनों का प्रवेश और निकास सुचारु रहे।
शिमला पुलिस पर्यटकों और स्थानीय लोगों को शोगी-मेहली बाईपास मार्ग सहित वैकल्पिक मार्गों के उपयोग के लिए भी प्रेरित कर रही है। वर्तमान में प्रतिदिन करीब 800 वाहनों को इस मार्ग पर डायवर्ट किया जा रहा है, जिससे शहर के भीतर ट्रैफिक दबाव कम हो रहा है।
पुलिस द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से जागरूकता वीडियो भी जारी किए जा रहे हैं, जिनमें जाखू मंदिर पहुंचने के बेहतर मार्ग और वैकल्पिक रूट्स की जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए ट्रैवलर, अर्बेनिया और अन्य सार्वजनिक वाहनों को कार्ट रोड पर संचालन की अनुमति दी गई है।
पुलिस का दावा है कि इन व्यवस्थाओं के चलते शहर में यातायात सामान्य बना हुआ है। वहीं किसी वाहन के खराब होने की स्थिति से निपटने के लिए विभिन्न सेक्टरों में तीन क्रेन भी तैनात की गई हैं। शिमला पुलिस ने पर्यटकों और स्थानीय निवासियों से यातायात नियमों का पालन करने तथा निर्धारित पार्किंग और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।



