
सेब के बगीचों के बीच छिपाकर की जा रही अवैध अफीम की खेती पर चिरगांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो मामलों में कुल 3,591 पौधे बरामद किए हैं। दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
चमराड़ा क्षेत्र में दो अलग-अलग मामलों का खुलासा, सेब के बगीचों के बीच उगाई जा रही थी अफीम
IBEX NEWS BUREAU शिमला, 18 जून:
जिला शिमला के चिरगांव क्षेत्र में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध अफीम की खेती के दो मामलों का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने चमराड़ा क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों से कुल 3,591 अफीम के पौधे (पॉड सहित) बरामद किए हैं। दोनों मामलों में एनडीपीएस अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस थाना चिरगांव की टीम को 17 जून को गश्त के दौरान चमराड़ा क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती किए जाने की गोपनीय सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने स्थानीय स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान सेब के पौधों के बीच छिपाकर उगाए गए 1,570 अफीम के पौधे बरामद किए गए। पुलिस ने आवश्यक नमूने कब्जे में लेकर सील किए तथा शेष पौधों को मौके पर ही नष्ट कर दिया। इस संबंध में थाना चिरगांव में अभियोग संख्या 56/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया।
पहले मामले की जांच के दौरान पुलिस को उसी क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती की एक और सूचना प्राप्त हुई। इसके बाद पुलिस ने पुनः तलाशी अभियान चलाया और सेब के बगीचे में खसरा नंबर 702 की भूमि पर 2,021 अफीम के पौधे बरामद किए। इस मामले में भी नमूने सुरक्षित रखने के बाद बाकी पौधों को नियमानुसार नष्ट कर दिया गया। पुलिस ने अभियोग संख्या 57/2026 के तहत दूसरा मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में कुल 3,591 अफीम के पौधे बरामद हुए हैं। आरोपियों की पहचान और अवैध खेती के नेटवर्क की जांच की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार और अवैध खेती के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।




