
IBEX NEWS BUREAU,शिमला/कुल्लू, 27 जून: श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन कुल्लू ने श्रीखंड महादेव यात्रा-2026 को अगली सूचना तक स्थगित कर दिया है। जिला दंडाधिकारी एवं उपायुक्त कुल्लू अनुराग चंद्र शर्मा ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), 2023 की धारा 163 के तहत आदेश जारी करते हुए यह निर्णय विशेषज्ञों की रिपोर्ट और संभावित प्राकृतिक आपदाओं के खतरे को देखते हुए लिया है।
प्रशासन के अनुसार एबीवीआईएमएएस मनाली, राजस्व विभाग और वन विभाग के संयुक्त विशेषज्ञ दल द्वारा यात्रा मार्ग का विस्तृत निरीक्षण किया गया। 8 जून 2026 को प्रस्तुत रिपोर्ट में भीमद्वारी से पार्वती बाग तक के मार्ग को अत्यंत जोखिमपूर्ण और असुरक्षित बताते हुए इसके उपयोग से बचने की सिफारिश की गई थी।
इसके बाद प्रशासन ने वैकल्पिक मार्गों का भी परीक्षण कराया। 18 जून को प्रस्तुत रिपोर्ट में मौजूदा और प्रस्तावित दोनों मार्गों को तीव्र ढलानों, ढीली एवं अस्थिर मिट्टी, संकरे व फिसलन भरे रास्तों तथा अनेक नालों से होकर गुजरने वाला बताया गया। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी कि इन मार्गों पर भूस्खलन, चट्टानें गिरने, अचानक बाढ़ और मलबा आने जैसी घटनाओं का गंभीर खतरा बना हुआ है।
संयुक्त निरीक्षण दल ने अपनी रिपोर्ट में स्पष्ट कहा है कि वर्तमान परिस्थितियों में श्रीखंड महादेव यात्रा का संचालन सुरक्षित नहीं है। भीमद्वारी और पार्वती बाग के बीच किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य चलाना बेहद कठिन होगा। क्षेत्र में जलस्तर बढ़ने, फ्लैश फ्लड और मलबा आने की आशंका अधिक है, जबकि नालों के आसपास की कमजोर भूमि के कारण अस्थायी रोपिंग या अन्य संरचनाएं बनाना भी सुरक्षित नहीं माना गया है।
जारी आदेशों के अनुसार यात्रा से संबंधित सभी अस्थायी शिविर, टेंट, राशन दुकानें और अन्य ढांचे तीन दिनों के भीतर हटाने होंगे। पुलिस अधीक्षक कुल्लू, उपमंडलाधिकारी निरमंड तथा लूहरी वन प्रभाग के अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी व्यक्ति प्रतिबंधित यात्रा मार्ग में प्रवेश न करे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेशों का उल्लंघन भारतीय न्याय संहिता एवं अन्य लागू कानूनों के तहत दंडनीय होगा।


