
रोगी कल्याण समिति की बैठक में स्वास्थ्य मंत्री ने की समीक्षा, पीजी सीटें बढ़ाने, आधुनिक मशीनें लगाने और पार्किंग विस्तार के दिए संकेत
IBEX NEWS BUREAU,शिमला प्रदेश सरकार टांडा मेडिकल कॉलेज सहित राज्य के प्रमुख चिकित्सा संस्थानों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से लैस करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने शुक्रवार को शिमला से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, टांडा की रोगी कल्याण समिति (गवर्निंग बॉडी) की बैठक की अध्यक्षता करते हुए पिछले तीन वित्तीय वर्षों के कार्यों और उपलब्धियों की समीक्षा की।
बैठक में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य मरीजों को बेहतर, सुलभ और अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि चमियाणा, आईजीएमसी शिमला और टांडा मेडिकल कॉलेज में आधुनिक ऑटोमेटेड लैब स्थापित करने के लिए 75 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि टांडा मेडिकल कॉलेज में पीजी सीटों में बढ़ोतरी, मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजी (एमएलटी) पाठ्यक्रमों और नर्सिंग छात्राओं के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही मरीजों के उपचार के लिए एचपीएलसी, सीआरआरटी और एचडीएफ डायलिसिस जैसी अत्याधुनिक मशीनें स्थापित की जा चुकी हैं। अस्पताल परिसर में बढ़ती जरूरतों को देखते हुए पार्किंग सुविधा के विस्तार पर भी कार्य किया जाएगा।
डॉ. शांडिल ने कहा कि प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में दशकों पुराने उपकरणों की जगह नई तकनीक आधारित मशीनें लगाई जा रही हैं। एमआरआई, सीटी स्कैन, डिजिटल रेडियोग्राफी और डिजिटल मैमोग्राफी जैसी आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसके साथ ही डॉक्टरों, प्रोफेसरों, नर्सों और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की बड़े स्तर पर भर्ती कर स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाया जा रहा है।
बैठक में विशेष सचिव स्वास्थ्य डॉ. अश्वनी शर्मा, एचपीटीडीसी के अध्यक्ष आर.एस. बाली, टांडा मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. मिलाप सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।


