
IBEX NEWS BUREAU,शिमला जिला पुलिस शिमला को उद्घोषित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस थाना रामपुर और पीओ सेल (PO Cell) की संयुक्त टीम ने वर्ष 2016 के मारपीट के मामले में उद्घोषित अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस थाना रामपुर के अभियोग संख्या 240/2016 में भारतीय दंड संहिता की धारा 325 और 323 के तहत दर्ज मामले में प्रकाश चन्द उर्फ टीमरू (33) निवासी गांव बणीबासा, तहसील ननखड़ी, जिला शिमला को माननीय एसीजेएम (ACJM) रामपुर ने 30 अक्तूबर 2025 को उद्घोषित अपराधी घोषित किया था।
लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को 4 जुलाई 2026 को पुलिस थाना रामपुर और पीओ सेल की टीम ने खोलीघाट क्षेत्र से विधि अनुसार गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार उद्घोषित अपराधी को माननीय एसीजेएम रामपुर की अदालत में पेश किया जा रहा है।
जिला पुलिस शिमला ने कहा कि न्यायालय के आदेशों के प्रभावी अनुपालन और उद्घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा तथा फरार आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


