
IBEX NEWS BUREAU,शिमला
शिमला पुलिस ने रोहड़ू क्षेत्र में हुई दिनदहाड़े लाखों रुपये की चोरी के मामले का सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और वैज्ञानिक जांच के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार, 6 अप्रैल 2026 को पुलिस थाना रोहड़ू में ग्राम खारला, तहसील टिक्कर निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि अज्ञात व्यक्ति दिन के समय उनके घर में घुस गए। आरोपियों ने गोदरेज अलमारी का ताला तोड़कर करीब 7.5 तोला सोने के आभूषण तथा ₹51,000 नकद चोरी कर लिए। शिकायत के आधार पर पुलिस थाना रोहड़ू में अभियोग संख्या 40/2026 के तहत धारा 331(3), 305 एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों तथा अन्य वैज्ञानिक तरीकों का विश्लेषण किया। जांच के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल (31 वर्ष), निवासी जिला मंडी, दीपक घई (39 वर्ष), निवासी जिला मंडी तथा मेहर चन्द (30 वर्ष), निवासी जिला कुल्लू के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी राहुल और मेहर चन्द पूर्व में भी जिला कुल्लू, मंडी और सोलन में चोरी के मामलों में संलिप्त रह चुके हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य मामलों में भी अहम खुलासे होने की संभावना है।


