हिमाचल के धर्मशाला में गरजे जेपी नड्डा, बोले- विकास की छलांगें मार आत्मनिर्भर हो रहा भारत देश।

Listen to this article

केेंद्र सरकार ने सीयू के 280 करोड़ के बजट को बढ़ाकर 580 करोड़ किया है, लेकिन सुक्खू सरकार वन विभाग में 30 करोड़ रुपये तक जमा नहीं करवा पा रही है।

बिना मांगे सबकुछ देने वाली मोदी सरकार है तो दूसरी तरफ प्रदेश में सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार है, जिसने सिर्फ धोखा किया।

IBEX NEWS ,शिमला

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि हर क्षेत्र में विकास की लंबी छलांगें मारकर भारत आत्मनिर्भरता की ओर से तेजी से बढ़ रहा है। भ्रष्टाचार, पिछलग्गू और कमजोर छवि को पीछे छोड़ भारत अब गौरवशाली देश बन गया है। नड्डा धर्मशाला के जोरावर स्टेडियम में हिमाचल प्रदेश भाजपा के अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार सशक्त सरकार बनाने की अपील की। नड्डा ने कहा कि 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए काम और प्रयासों से भारत का डंका दुनिया में बज रहा है। प्रधानमंत्री ने जाति और वोट बैंक की राजनीति की संस्कृति को बदल कर रख दिया है। दूरियां समाप्त कर समाज के सभी वर्गों का सशक्तीकरण ही अब देश की राजनीतिक संस्कृति है। उन्होंने कहा कि जब चुनाव आते हैं विपक्ष को जातिगत गणना की याद आ जाती है। हम इसके विरोधी नहीं हैं, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी, समाज के इन प्रमुख वर्गों को ही सर्वोपरि मानकर काम किया है। केंद्र की सभी योजनाएं इन्हीं को ताकत दे रहीं हैं।नड्डा ने विपक्षी गठबंधन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यह तीन बातों का गठबंधन है। परिवार बचाओ, प्रॉपर्टी बचाओ और भ्रष्टाचारियों का जमावड़ा। इंडी गठबंधन में जुड़े कांग्रेस समेत सभी पार्टियों की राजनीति इन्हीं तीन बातों के इर्द-गिर्द रही है। सांसद डीके सुरेश के बयान का जिक्र करते हुए उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधा। कहा कि डीके सुरेश देश तोड़ने, अलग देश बनाने की बात कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष समेत उसका कोई भी नेता एक शब्द बोलने को तैयार नहीं। अपने सांसद की देश विरोधी बात का खंडन करने को कांग्रेस तैयार नहीं। इसलिए, कांग्रेस नेता राहुल गांधी की न्याय यात्रा को भारत तोड़ो अन्याय यात्रा कहा जा सकता है। अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को गौरवशाली बताते हुए कहा कि 500 साल के संघर्ष की जीत को देखने का सौभाग्य हमें मिला है। उन्होंने पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न देने के केंद्र सरकार के फैसले पर खुशी जता उन्हें मंच से ही बधाई दी।


जेपी नड्डा ने प्रदेश में कांग्रेस की सुक्खू सरकार को बैक गियर सरकार बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा की जयराम सरकार ने जनहित में शिक्षण व स्वास्थ्य संस्थान, तहसीलें-उपतहसीलें और कार्यालय खोलने का काम किया। सुक्खू सरकार ने सत्ता संभालते ही उन्हें बंद करवा दिया। 19 डिग्री कॉलेजों व 286 स्कूलों समेत सुक्खू सरकार ने खोले गए 620 संस्थानों व कार्यालयों की अधिसूचना वापस लेने का काम किया है। हिमकेयर योजना कांग्रेस के शासन में हांफ चुकी है। 200 करोड़ की देनदारी खड़ी हो जाने से योजना का लाभ लोगों नहीं मिल रहा है। उन्होंने आपदा राहत के मुद्दे पर कांग्रेस और सुक्खू सरकार को कटघरे में खड़ा किया।

कहा कि, बार-बार केंद्र से सहयोग न मिलने के आरोप सत्तापक्ष लगा रहा है। सच्चाई कुछ और है। प्रदेश में जब आपदा आई तो सबसे पहले भाजपा और उसकी सरकार के नुमाइंदे हिमाचल पहुंचे। चुनाव में वोट मांगने आए कांग्रेस के न तो भैया आए न ही उनकी बहन। उन्होंने केंद्र से आपदा राहत के लिए मिले बजट का सिलसिलेवार ब्योरा देते हुए कहा कि मोदी सरकार 1,782 करोड़ का सहयोग विभिन्न मदों में हिमाचल को दे चुकी है। आपदा पीड़ितों के लिए 11 हजार घरों की मंजूरी भी दी गई है। दुख की बात है कि अब कांग्रेस सरकार आपदा राहत व पुनर्वास के संसाधनों का इस्तेमाल अंधा बांटे रेवड़ी अपनो-अपनों को ही दे की तर्ज पर कर रही है। चुनावी गारंटियों पर भी प्रदेश सरकार को घेरते हुए उन्होंने चुटकी ली कि काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती।


समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, सह प्रभारी संजय टंडन, लोकसभा चुनाव प्रभारी श्रीकांत शर्मा, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, सांसद किशन कपूर, सुरेश कश्यप, इंदु गोस्वामी व डाॅ सिकंदर, प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, कांगड़ा-चंबा प्रभारी विपिन सिंह परमार, प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर आदि भाजपा नेता व पार्टी पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।


जनसभा के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने जिया पोलिंग बूथ संख्या 5/19 भरवाना से गांव चलो अभियान का शुभारंभ किया।  इस कार्यक्रम के दौरान भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने गांव की जनता के साथ भेंट की, एक बूथ की बैठक ली और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के साथ बातचीत की। यह जानकारी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने दी। इस कार्यक्रम को राष्ट्र स्तर पर किसान मोर्चा के नेतृत्व में चलाया जा रहा है और हिमाचल के किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष संजीव देष्टा इस कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर जेपी नड्डा ने गाय को गुड़ भी खिलाया और गांव के लोगों की स्थानीय वस्तुओं का प्रारूप भी देखा। इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, सांसद इंदु गोस्वामी, केंद्र मंत्री अनुराग ठाकुर व  प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर विशेष रूप में उपस्थित रहे।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे तक बोल रहे हैं कि भाजपा इस बार लोकसभा में 400 से अधिक सीटें जीतेगी।

केंद्र ने आपदा के दौरान हिमाचल को 1782 करोड़ की आर्थिक सहायता दी, जबकि प्रदेश सरकार इससे मुकर रही है।

केेंद्र सरकार ने सीयू के 280 करोड़ के बजट को बढ़ाकर 580 करोड़ किया है, लेकिन सुक्खू सरकार वन विभाग में 30 करोड़ रुपये तक जमा नहीं करवा पा रही है।

हिमाचल में चारों सीटें जीतेंगे, कांग्रेस का खाता भी नहीं खुलेगा : अनुराग
जोरावर स्टेडियम धर्मशाला में शनिवार को भाजपा की रैली में जय श्रीराम के उद्घोष से केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने अपना भाषण शुरू किया।कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की गारंटियां और सरकार दोनों फेल हो चुकी हैं। लोकसभा चुनाव में हिमाचल में चारों सीटें जीतेंगे, कांग्रेस का खाता भी नहीं खुलेगा। अनुराग ने चुनौती देते हुए कहा कि अगर मदद नहीं मिली तो प्रदेश सरकार शपथपत्र जारी करे। वह भारत रत्न मिलने पर भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को बधाई देते हैं। कहा कि अंतरिम बजट भारत को विकसित राष्ट्र बनाने वाला है। वर्ष 2004 से 2014 तक की तत्कालीन सरकार ने देश को लूट कर खोखला करने का काम किया। कई घोटाले सामने आए थे, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार में एक भी घोटाला नहीं हुआ।

ईमानदारी के सर्टिफिकेट बांटने वाली आम आदमी पार्टी की दिल्ली सरकार के कई मंत्री भ्रष्टाचार के कारण जेल में हैं। उन्होंने कहा कि एक तरफ बिना मांगे सबकुछ देने वाली मोदी सरकार है तो दूसरी तरफ प्रदेश में सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार है, जिसने सिर्फ धोखा किया।