केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनते ही देशभर की महिलाओं को महालक्ष्मी योजना के तहत एक लाख रुपए देगी कांग्रेस: नीतू वर्मा सोइन

Listen to this article

भ्रष्टाचारियों और अपराधियों को सरंक्षण देने में भाजपा अव्वल : नीतू वर्मा सोइन

कांग्रेस की गारंटियों से परेशान होकर बौखला गई भाजपा कर रहे बेतुकी बयानबाजी: जैनब चंदेल

शिमला-07 मई 2024.

IBEX NEWS,शिमला।

कांग्रेस न्याय पत्र को प्रदेश महिला कांग्रेस घर घर तक पहुंचाएगी। केंद्र मे कांग्रेस की सरकार बनते ही न्याय पत्र में महालक्ष्मी योजना के तहत देश की महिलाओं को प्रतिवर्ष एक लाख रूपए दिया जाएगा। यह जानकारी शिमला में अखिल भारतीय महिला कांग्रेस महासचिव नीतू वर्मा सोइन और प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल ने शिमला मे एक पत्रकार वार्ता के दौरान दी। उन्होने कहा कि कांग्रेस कि सरकार महिलाओं के प्रति गंभीर है जो महिला के हितों के प्रति काम करती है। उन्होने कहा कि कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिका अर्जुन खडगे और राहुल गांधी द्वारा तैयार किया न्याय पत्र देश के उज्ज्वल भविष्य और मजबूत देश के लिए बनाया है जिसे कांग्रेस की महिला शक्ति जन-जन तक पहुंचाएगी। उन्होने कहा कि कांग्रेस न्याय पत्र में 25 न्याय और 5 गारंटियों को सरकार बनते ही लागू किया जाएगा।

नीतू वर्मा सोइन ने केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा का नारा है बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ लेकिन यह लोग बेटियों के साथ यौन शोषण और दुराचार करने वालों को अपना संरक्षण देते हैं। उन्होने कहा कि हाल ही में कर्नाटक से जेडीएस के उम्मीदवार प्रज्वल्ल रेवन्ना को पीएम मोदी संरक्षण देते हुए दिखाई दिए जो बहुत ही निंदनीय है। अखिल भारतीय कांग्रेस पार्टी ने प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ देशभर में विरोध प्रदर्शन किया गया और जिला अधिकरियों के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपकर कड़ी कार्रवाई करने कक मांग की। उन्होंने कहा कि प्रज्वल्ल रेवन्ना वह व्यक्ति है जिसने देशभर की करीब तीन हजार महिलाओं के साथ यौनशोषण और बलात्कार की घटनाओं को अंजाम दिया है। जिसके संरक्षण के लिए भाजपा के नेता और पीएम मोदी लगे हुए हैं। प्रज्वल रेवन्ना यह कुकृत्य कर जर्मनी भाग गया है जिसके लिए केंद्र की मोदी सरकार जिम्मेवार है।
उधर, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल ने भी केंद्र सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पिछले दस सालों भाजपा सरकार के कार्यकाल में देशभर में महिलाओं के साथ यौन शोषण और अत्याचार की घटनाएं बढ़ी हैं जिस पर पीएम मोदी कार्रवाई करने की बजाय खामोश रहते हैं। उन्होंने कहा कि आज देश की बेटियां और महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं । बेटियों को सुरक्षा देने और देश में अब कांग्रेस की सरकार लाना जरूरी है। इसलिए लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में बेटियों और महिलाओं को मतदान करना होगा।
जैनब चंदेल ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार ने बहुत ही सराहनीय कार्य किए हैं जिसमें विधानसभा चुनाव के दौरान दी गई 10 गारंटियों में से 5 गारंटियों को पूरा कर दिया है बाकी बची हुई गारंटियों को भी जल्द पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने जहां प्रदेश के लाखों कर्मचारियों को OPS की गारंटी देकर उनका भविष्य सुरक्षित किया तो वहीं सरकार ने महिलाओं को 1500 रुपए प्रतिमाह देकर महिलाओं की आर्थिकी को मजबूत बनाने का काम किया है। सरकार द्वारा किए जा रहे इन महत्वाकांक्षी कार्यों से भाजपा पूरी तरह बौखला गई है और अनाप शनाप बयानबाजी कर प्रदेश की महिलाओं को गुमराह करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अब वह समय आ गया है जब प्रदेश की महिलाएं भाजपा को करारा जबाब देंगी।