Listen to this article

पात्र महिलाओं को चरणबद्ध तरीक़े से 1500 रुपये प्रति माह बतौर सम्मान राशि दिए जा रहे हैं तथा मार्च 2025 तक 50 हज़ार महिलाओं को इंदिरा गांधी सुख सम्मान निधि के लाभ मिलने आरम्भ हो जाएंगे:मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू

IBEX NEWS,शिमला ।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने 100 करोड़ रुपये की लागत से नैना देवी जी मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि इसका सौंदर्यीकरण तीन चरणों में होगा। उन्होंने कहा कि श्री नैना देवी जी मंदिर के साथ-साथ, मां चिंतपूर्णी मंदिर, मां ज्वालामुखी मंदिर और बाबा बालक नाथ मंदिर का भी राज्य सरकार सौंदर्यीकरण करेगी। आने वाले समय में अन्य मंदिरों का भी सौंदर्यीकरण किया जाएगा। उन्होंने श्री नैना देवी जी विधानसभा क्षेत्र के जगातखाना में लोक निर्माण विभाग और जल शक्ति विभाग का मंडल खोलने के साथ-साथ नम्होल में उप-तहसील खोलने की घोषणा की। उन्होंने श्री नैना देवी जी में 50 बिस्तर वाले अस्पताल के शेष कार्य को पूरा करने के लिए आठ करोड़ रुपये प्रदान करने के साथ-साथ जुखाला में इनडोर स्टेडियम का निर्माण करने के लिए वित्तीय राशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया।
बिलासपुर जिला के श्री नैना देवी जी विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने व्यवस्था परिवर्तन के माध्यम से हिमाचल प्रदेश में समृद्धि लाने का संकल्प लिया है। राज्य सरकार गांवों में बसने वाले हर व्यक्ति तक पैसा पहुंचाने के लिए प्रयास कर रही है ताकि उनकी आर्थिकी को सुदृढ़ किया जा सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने मनरेगा की दिहाड़ी 60 रुपये बढ़ाकर 300 रुपये की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने दो वर्षों में अपनी छः चुनावी गारंटियां पूरी कर दी हैं।

  • उन्होंने कहा कि पात्र महिलाओं को चरणबद्ध तरीक़े से 1500 रुपये प्रति माह बतौर सम्मान राशि दिए जा रहे हैं तथा मार्च 2025 तक 50 हज़ार महिलाओं को इंदिरा गांधी सुख सम्मान निधि के लाभ मिलने आरम्भ हो जाएंगे।

  • मुख्यमंत्री ने कहा कि जब से कांग्रेस के दोबारा 40 विधायक हुए हैं, तब से भाजपा ‘झूठी अफ़वाह आपदा’ लाने का प्रयास कर रही है। भाजपा नेता रोज़ तरह-तरह की झूठी अफ़वाहें फैला रहे हैं और देशभर में राज्य के लोगों को बदनाम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने मां नैना देवी जी, प्रदेश के सभी देवी देवताओं और प्रदेश की जनता के आशीर्वाद से राजनीतिक चुनौती को पार किया और कांग्रेस के विधायकों की संख्या फिर से 40 हो गई।

उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर कहते थे कि कांग्रेस सरकार को भगवान भी नहीं बचा सकते। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पुरानी पेंशन बहाल की जिस कारण केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश के लोगों पर कई तरह के प्रतिबंध लगा दिए। अब तक 7 हज़ार 355 से अधिक एनपीएस कर्मचारियों को पुरानी पेंशन मिलनी आरम्भ हो गई है। वह आत्मसम्मान के साथ जीवनयापन कर रहे हैं क्योंकि उनको एनपीएस के तहत मिलने वाली 3 हज़ार रुपये पेंशन ओपीएस बहाली के बाद बढ़कर 30 हज़ार हो गई है।

  • राज्य सकार केंद्र सरकार के प्रतिबंधों से उबर रही है और आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह में लोक निर्माण विभाग के सभी कॉन्ट्रेक्टरों की देनदारियां जारी कर दी जाएंगी।

  • ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि भानुपल्ली रेल लाइन पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की सोच का नतीजा है। बिलासपुर तक रेल लाइन बिछाने के लिए राज्य सरकार ने अपना हिस्सा दे दिया है और आगे का खर्च केंद्र स्वयं उठाए।

  • मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली भाजपा सरकार ने 500 करोड़ रुपये के भवन बना दिए लेकिन वह खाली पडे़ हैं। हमारी प्राथमिकता भवन बनाना नहीं, हमारी प्राथमिकता अच्छी शिक्षा और अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है। हम प्रदेश की जनता को धोखा नहीं दे सकते।

  • आज भी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में पुरानी तकनीक वाली मशीनों से इलाज किया जा रहा है, लेकिन राज्य सरकार इसमें भी बदलाव कर रही है। उन्होंने कहा कि बिलासपुर में एम्स तो बना, लेकिन डॉक्टर उपलब्ध नहीं हैं।


लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि नवगांव-बैरी सड़क के सुदृढ़ीकरण पर 80 करोड़ रुपये व्यय होंगे, जिसका कार्य जल्द ही शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास को गति देने के लिए भरपूर प्रयास कर रही है।
पूर्व मंत्री राम लाल ठाकुर ने मुख्यमंत्री का श्री नैना देवी विधानसभा क्षेत्र में स्वागत किया और कहा कि केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश के हक को भी रोक कर बैठी है। आपदा के दौरान हुए नुक़सान के लिए केंद्र सरकार ने गुजरात और उत्तराखंड की तर्ज पर विशेष आर्थिक पैकेज नहीं दिया। लेकिन मुख्यमंत्री ने राज्य के संसाधनों से प्रभावितों के जख्मों पर मरहम लगाया है।
इस अवसर पर पूर्व विधायक तिलक राज व बंबर ठाकुर, कांग्रेस नेता विवेक कुमार व विकास ठाकुर, जायका परियोजना के मीडिया सलाहकार राजेश्वर ठाकुर के साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता, अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. निधि पटेल, एसपी संदीप धवल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

WhatsApp Group Join Now