
₹8.50 करोड़ की लागत से बन रहा पुल अंतिम चरण में, अस्थायी पुल भी कुछ घंटों में होगा चालू; बीआरओ युद्धस्तर पर जुटा
पूर्व विधायक रवि ठाकुर ने दी जानकारी,कहा ,जहालमा नाला में चल रहे राहत एवं पुल निर्माण कार्य का जायजा लेने के दौरान संबंधित जनप्रतिनिधि ने बीआरओ अधिकारियों से निर्माण कार्य और राहत कार्यों की विस्तृत जानकारी ली।
IBEX NEWS BUREAU,शिमला
जहालमा नाला में चल रहे राहत एवं पुल निर्माण कार्य का जायजा लेने के दौरान संबंधित जनप्रतिनिधि ने बीआरओ अधिकारियों से निर्माण कार्य और राहत कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। पूर्व विधायक रवि ठाकुर ने जानकारी दी है कि अधिकारियों ने बताया कि 29 मई को आई भीषण बाढ़ के बाद बीआरओ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वैकल्पिक मार्ग तैयार किया था, जिससे छोटे-बड़े सभी वाहनों की आवाजाही लगातार जारी रही।

बीआरओ के अनुसार, करीब 120 मीटर लंबे नए पुल के दोनों ओर एबटमेंट का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। भारत सरकार की ओर से लगभग ₹8.50 करोड़ की लागत से तैयार किए जा रहे इस पुल को अगले 2 से 3 दिनों के भीतर लॉन्च कर यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। पुल शुरू होने से उदयपुर और पांगी क्षेत्र के हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
हाल ही में आई बाढ़ के दौरान नीचे बनाया गया अस्थायी पुल भी बह गया था। अधिकारियों ने बताया कि इस पुल को भी अगले 2 से 3 घंटे के भीतर पुनः चालू कर दिया जाएगा, जिससे दोनों ओर फंसे वाहन, किसानों की फसलें और आम लोगों की आवाजाही फिर से सामान्य हो सकेगी।
मौके पर क्रेन, भारी मशीनें और बीआरओ की टीमें युद्धस्तर पर राहत एवं निर्माण कार्य में जुटी हैं। मार्ग बंद होने के कारण उदयपुर और पांगी क्षेत्र में एक-एक ठेकेदार की करीब ₹20-20 लाख मूल्य की सब्जियां फंसी हुई हैं। बीआरओ अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि मार्ग बहाल होते ही सभी वाहन और कृषि उपज को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान बीआरओ की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में की जा रही कार्यशैली की सराहना की गई। कहा गया कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद बीआरओ पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर रहा है तथा उम्मीद है कि अगले कुछ दिनों में मार्ग पूरी तरह बहाल होने से क्षेत्र के लोगों की परेशानियां समाप्त हो जाएंगी।


