
कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) ने जारी किए आदेश, केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर पांच वर्ष तक निभाएंगे जिम्मेदारी
IBEX NEWS BUREAU,शिमला
शिमला/नई दिल्ली: हिमाचल प्रदेश कैडर के वर्ष 2012 बैच के आईएएस अधिकारी राकेश कुमार प्रजापति को केंद्र सरकार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। भारत सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) ने उन्हें वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अधीन उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT) में निदेशक (Director) के पद पर नियुक्त किया है।
22 जुलाई 2026 को जारी आदेशों के अनुसार, राकेश कुमार प्रजापति की नियुक्ति सेंट्रल स्टाफिंग स्कीम के तहत की गई है। उनका कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तिथि से पांच वर्ष अथवा अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, प्रभावी रहेगा।
DoPT ने हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव को निर्देश दिए हैं कि राकेश कुमार प्रजापति को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त किया जाए, ताकि वे नई दिल्ली स्थित DPIIT में अपना नया दायित्व संभाल सकें।
आदेश में यह भी कहा गया है कि कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) के दिशा-निर्देशों के अनुसार अधिकारी को नियुक्ति आदेश जारी होने की तिथि से तीन सप्ताह के भीतर नए पद पर कार्यभार ग्रहण करना होगा। निर्धारित अवधि में जॉइन नहीं करने पर केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से संबंधित कार्रवाई की जा सकती है।


