
IBEX NEWS,शिमला
शिमला के थाना बालूगंज क्षेत्र के अंतर्गत समरहिल के सांगटी जंगल में लापता युवक का शव मिलने से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार शोभित ठाकुर (29 वर्ष), निवासी शकुंतला निवास, सांगटी समरहिल, बीते 3–4 दिनों से लापता था, जिसकी सूचना 9 फरवरी को थाना बालूगंज में प्राप्त हुई थी।
10 फरवरी को पुलिस चौकी समरहिल से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सांगटी के जंगल में तलाश अभियान चलाया। इस दौरान युवक का शव बुरांश के पेड़ की शाखा से फंदे के सहारे लटका हुआ पाया गया। मौके पर मृतक के परिजन और अन्य लोग भी उपस्थित थे, जिनकी मौजूदगी में शव की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कर आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की गईं।
पुलिस द्वारा शव का बारीकी से निरीक्षण किया गया, जिसमें गले पर फंदे के निशान के अतिरिक्त किसी प्रकार की अन्य चोट नहीं पाई गई। मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए गए तथा मौके की विधिवत पैमाइश की गई। पर्यवेक्षक अधिकारी द्वारा भी घटनास्थल का निरीक्षण किया गया।
इसके उपरांत शव को पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी शिमला भेजा गया। शव विच्छेदन के बाद मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों द्वारा मृत्यु को लेकर किसी प्रकार का संदेह व्यक्त नहीं किया गया है। पुलिस द्वारा मामले में आगामी कार्रवाई धारा 194 बीएनएसएस के अंतर्गत अमल में लाई जा रही है।




