
36 ग्राम चिट्टे संग कोटखाई का युवक गिरफ्तार
IBEX NEWS BUREAU,शिमला, 26 अप्रैल।
जिला शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल करते हुए संजौली थाना क्षेत्र में 36.050 ग्राम हैरोइन/चिट्टा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई को शहर में सक्रिय नशा नेटवर्क पर कड़ा प्रहार माना जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 25 अप्रैल को स्पेशल सेल शिमला की टीम गश्त व मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए क्षेत्र में तैनात थी। इसी दौरान पुलिस को विश्वसनीय गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति अपने बैग में चिट्टा लेकर समिट्री-ढली टनल की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस थाना संजौली की टीम ने बिना देर किए समिट्री-ढली टनल रोड पर एक रेस्टोरेंट के समीप नाकाबंदी कर संदिग्ध को धर दबोचा।
पूछताछ में आरोपी की पहचान रुब्बल जदैईक (32) पुत्र बलबीर जदैईक, निवासी गांव पंदरोग, डाकघर पुड़ग, तहसील कोटखाई, जिला शिमला के रूप में हुई। स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में जब उसके बैग की तलाशी ली गई तो उसमें पारदर्शी प्लास्टिक पोटली में छुपाकर रखी गई 36.050 ग्राम हैरोइन/चिट्टा बरामद हुआ।
बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना संजौली में अभियोग संख्या 24/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि नशे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस नेटवर्क के माध्यम से आगे सप्लाई किया जाना था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मामले की जांच गहनता से आगे बढ़ाई जा रही है तथा इस गिरफ्तारी से नशा तस्करी के बड़े नेटवर्क से जुड़े अन्य खुलासों की भी संभावना जताई जा रही है। आरोपी को आज माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।
जिला शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि युवाओं को नशे के जाल से बचाने के लिए अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।



