
IBEX NEWS BUREAU,शिमला
शिमला पुलिस द्वारा बहुचर्चित एलएसडी तस्करी मामले में जांच लगातार गहराती जा रही है। पुलिस की वैज्ञानिक एवं साक्ष्य-आधारित जांच में अब जिला कुल्लू के एक होटल पार्टनर ऑनर की भूमिका भी सामने आई है, जिसे साक्ष्य मिटाने और आपराधिक षड्यंत्र में शामिल पाए जाने पर गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस थाना न्यू शिमला में दर्ज मुकदमा संख्या 35/2026, दिनांक 10.03.2026, अधीन धारा 22, 29 एनडीपीएस अधिनियम तथा धारा 238 बीएनएस के तहत यह मामला दर्ज किया गया था। मामले में 10 मार्च 2026 को संदीप शर्मा निवासी जिला मोगा, पंजाब तथा प्रिया शर्मा निवासी जिला सिरमौर के कब्जे से 562 स्ट्रिप (स्टाम्प साइज) एलएसडी बरामद की गई थी, जिसका कुल वजन 11.570 ग्राम पाया गया। बरामद मात्रा कमर्शियल श्रेणी में आने के चलते पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गहन जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस ने बैकवर्ड लिंकेज खंगालते हुए एलएसडी सप्लायर की पहचान नविएल हैरिसन निवासी कालीकट, केरल के रूप में की, जिसे 13 मार्च 2026 को गुरुग्राम, हरियाणा से गिरफ्तार किया गया।
मामले में आगे की जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि नशा तस्करी नेटवर्क में एसटीएफ के चार कर्मियों की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई। डिजिटल, तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के विस्तृत विश्लेषण के बाद चारों आरोपियों को 19 मार्च 2026 को गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस जांच में सामने आया कि चारों आरोपियों ने जिला कुल्लू स्थित सी रॉक होटल में आरोपी नविएल हैरिसन से एलएसडी की खेप प्राप्त की थी। जब पुलिस ने होटल परिसर से जब्त हार्ड डिस्क और डीवीआर को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा तो खुलासा हुआ कि होटल की सीसीटीवी फुटेज डिलीट कर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की गई थी।
इसी कड़ी में जांच एजेंसियों ने होटल के पार्टनर ऑनर संजीव कुमार पुत्र स्वर्गीय धनी राम निवासी गांव बुशोणा, तहसील भुन्तर, जिला कुल्लू को अन्य आरोपियों के साथ मिलकर साक्ष्य नष्ट करने और आपराधिक षड्यंत्र में शामिल पाया। फॉरेंसिक विश्लेषण और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर उसे 16 मई 2026 को गिरफ्तार कर लिया गया।
शिमला पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच अभी जारी है और पूरे ड्रग नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों व पहलुओं की भी गहन पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ “ज़ीरो टॉलरेंस” नीति के तहत आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



