
IBEX NEWS BUREAU,शिमला
शिमला जिला के पुलिस थाना देहा के अंतर्गत गांव झोला में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सेब के बागीचे से 350 अवैध अफीम के पौधे बरामद कर मौके पर ही नष्ट किए हैं। मामले में पुलिस ने ND&PS Act के तहत अभियोग दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार अभियोग संख्या 18/26 दिनांक 16.05.2026 अधीन धारा 18 ND&PS Act के तहत मामला दर्ज किया गया है। दिनांक 16 मई को पुलिस टीम गांव झोला क्षेत्र में गश्त पर मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि महेंद्र पुत्र श्रीमती श्यामा निवासी गांव झोला ने अपने सेब के बागीचे में अवैध रूप से अफीम के पौधे उगा रखे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां महेंद्र की माता श्रीमती श्यामा मौजूद पाई गईं। उनकी उपस्थिति तथा स्वतंत्र गवाहों के समक्ष घर से करीब 50 मीटर नीचे स्थित सेब के बागीचे की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान सेब के पौधों के बीच बड़ी संख्या में अफीम के पौधे पाए गए।
पुलिस द्वारा गिनती करने पर कुल 350 अफीम के पौधे बरामद हुए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। पुलिस संबंधित भूमि का मालिकाना रिकॉर्ड भी जुटा रही है। मामले में आगामी जांच जारी है।



