
नीट छात्रों पर लाठीचार्ज और राहुल-प्रियंका गांधी को हिरासत में लिए जाने के विरोध में कांग्रेस ने किया प्रदर्शन
मुख्यमंत्री सुक्खू बोले— लोकतंत्र संवाद से चलता है, लाठी और दमन से नहीं
IBEX NEWS BUREAU,शिमला। नीट छात्रों पर जंतर-मंतर, नई दिल्ली में हुए लाठीचार्ज तथा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को हिरासत में लिए जाने के विरोध में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ लोक भवन के बाहर धरना-प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए मुख्यमंत्री स्वयं भी नारेबाजी करते नजर आए। इसके बाद उन्होंने लोक भवन में कांग्रेस पार्टी की ओर से ज्ञापन भी सौंपा।नई दिल्ली में युवाओं पर हुए कथित लाठीचार्ज तथा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी की हिरासत के विरोध में सोमवार को हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में लोक भवन के बाहर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान मंत्रिमंडल के सदस्य, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।




धरना-प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल की अनुपस्थिति में कार्यवाहक राज्यपाल कवींद्र गुप्ता को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा सुनिश्चित करने और युवाओं की न्यायोचित मांगों पर संवेदनशीलता के साथ विचार करने की मांग की गई।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि केंद्र सरकार छात्रों और युवाओं की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक के कारण 20 से अधिक युवाओं ने आत्महत्या की है। नीट परीक्षा से लाखों युवाओं का भविष्य जुड़ा है और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी छात्रों की मांगों का समर्थन किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की मौत के लिए केंद्र सरकार की जवाबदेही तय होनी चाहिए और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी युवाओं की मांगों के समर्थन में धरने पर बैठे, तो उन्हें और प्रियंका गांधी को जबरन वाहन में ले जाया गया। मुख्यमंत्री ने दोनों नेताओं के साथ दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार युवाओं की जायज मांगों के प्रति दमनकारी रवैया अपना रही है। मुख्यमंत्री ने नीट छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन करने वाली सोनम सहित अन्य युवाओं के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने और उन्हें न्याय दिलाने की मांग भी की।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह सहित अन्य विधायक, पूर्व विधायक तथा विभिन्न निगमों और बोर्डों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष मौजूद रहे। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत संवाद, जनविश्वास और संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान में निहित होती है, न कि लाठियों और दमनकारी कार्रवाई में। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार युवाओं की आवाज़ सुनने के बजाय दमन का रास्ता अपना रही है, जो लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक अधिकारों और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए लगातार आवाज़ उठाती रहेगी तथा जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रहेगा।

Police intervened as protesters attempted to march ahead, leading to the detention of Rahul Gandhi and other participants. The protest drew a significant police presence in the area as authorities worked to maintain law and order.
#RahulGandhi #DelhiPolice #OppositionLeader



