
नेता प्रतिपक्ष की गिरफ्तारी को बताया दुर्भाग्यपूर्ण, कांग्रेस ने जताया कड़ा विरोध
IBEX NEWS BUREAU,सिमला : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की दिल्ली पुलिस द्वारा गिरफ्तारी के बाद राजनीतिक बयानबाज़ी तेज हो गई है। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इस कार्रवाई को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों पर गंभीर चिंता जताई है।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने जारी बयान में कहा कि लोकतंत्र में नेता प्रतिपक्ष की भूमिका केवल सरकार की आलोचना तक सीमित नहीं होती, बल्कि युवाओं की आवाज़ को मजबूती से उठाने और सरकार से जवाबदेही सुनिश्चित करने की भी होती है। ऐसे में संवैधानिक पद पर बैठे नेता की गिरफ्तारी लोकतांत्रिक परंपराओं और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।

Breaking #Congress #Rahulgandhi #DelhiPolice



उन्होंने कहा कि जिस प्रकार नेता प्रतिपक्ष को गिरफ्तार किया गया है, वह लोकतंत्र की भावना के लिए चिंताजनक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस इस कार्रवाई का पुरज़ोर विरोध करती है और राहुल गांधी के साथ मजबूती से खड़ी है।
मुख्यमंत्री के इस बयान के साथ राहुल गांधी की गिरफ्तारी का मुद्दा अब राजनीतिक रूप से और अधिक गरमा गया है। कांग्रेस इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर प्रहार बता रही है, जबकि इस मामले को लेकर विपक्ष और सत्तापक्ष के बीच राजनीतिक टकराव और तेज होने के आसार हैं।


दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में लोक भवन के बाहर धरना-प्रदर्शन



