
IBEX NEWS BUREAU
अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबद्ध खेल संस्थान (एबीवीआईएमएएस), मनाली के 220वें एडवांस माउंटेनियरिंग कोर्स के प्रतिभागियों ने 21 जुलाई 2026 को 6,111 मीटर ऊँची माउंट युनाम पर सफलतापूर्वक आरोहण कर संस्थान के गौरवशाली इतिहास में एक और उपलब्धि जोड़ दी।
इस सफल अभियान में 52 प्रशिक्षु, 14 प्रशिक्षक तथा एबीवीआईएमएएस का एक कर्मचारी, कुल 67 सदस्यों ने शिखर पर पहुँचकर साहस, अनुशासन, तकनीकी दक्षता और उत्कृष्ट टीम भावना का परिचय दिया। दुर्गम हिमालयी परिस्थितियों में यह सफलता प्रतिभागियों के कठिन परिश्रम, मानसिक दृढ़ता तथा संस्थान द्वारा प्रदान किए गए उच्च स्तरीय प्रशिक्षण का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
लगभग एक माह तक चले इस एडवांस माउंटेनियरिंग कोर्स के दौरान प्रतिभागियों को रॉक क्राफ्ट, स्नो एवं आइस क्राफ्ट, ग्लेशियर ट्रैवर्स, फिक्स्ड रोप तकनीक, सेल्फ-अरेस्ट, क्रेवास रेस्क्यू, नेविगेशन, अभियान योजना, उच्च हिमालयी कैंप प्रबंधन तथा हाई-एल्टीट्यूड सर्वाइवल का गहन व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ-साथ उनकी शारीरिक क्षमता, सहनशक्ति, भार वहन क्षमता, ऊँचाई के अनुरूप अनुकूलन (Acclimatization), हृदय एवं फेफड़ों की कार्यक्षमता तथा मानसिक दृढ़ता विकसित करने के लिए विशेष प्रशिक्षण कराया गया, जिससे वे 6,000 मीटर से अधिक ऊँचाई वाले पर्वत पर सुरक्षित एवं सफल आरोहण करने में सक्षम हो सके।
अभियान के दौरान दल ने बर्फीली ढलानों, चट्टानी मार्गों, कम ऑक्सीजन, तीव्र ठंड तथा कठिन हिमालयी भू-भाग का सफलतापूर्वक सामना करते हुए प्रशिक्षण के दौरान अर्जित तकनीकी कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। पूरे अभियान में सुरक्षा मानकों, पर्यावरण संरक्षण तथा टीम समन्वय का विशेष ध्यान रखा गया।
यह अभियान एबीवीआईएमएएस के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित हुआ, क्योंकि 67 सदस्यों ने एक ही अभियान में 6,111 मीटर ऊँची माउंट युनाम का सफल आरोहण किया। इतनी बड़ी संख्या में पर्वतारोहियों का एक साथ 6,000 मीटर श्रेणी के शिखर पर सुरक्षित एवं सफल पहुँचाना अत्यंत दुर्लभ उपलब्धि है, जो संस्थान की उत्कृष्ट प्रशिक्षण प्रणाली, सुव्यवस्थित अभियान योजना तथा प्रशिक्षकों के अनुभव और समर्पण को दर्शाती है।
इस उपलब्धि पर एबीवीआईएमएएस के निदेशक श्री अविनाश नेगी ने सभी प्रशिक्षुओं एवं प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता संस्थान की उच्च प्रशिक्षण गुणवत्ता, अनुशासन और सुरक्षित पर्वतारोहण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान युवाओं में साहस, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, टीम भावना, विपरीत परिस्थितियों में निर्णय लेने की क्षमता तथा प्रकृति एवं पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का विकास करते हैं।
माउंट युनाम का यह सफल आरोहण एबीवीआईएमएएस की उस गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाता है, जिसके माध्यम से संस्थान देश और विदेश के युवाओं को विश्वस्तरीय पर्वतारोहण प्रशिक्षण प्रदान करते हुए सुरक्षित एवं जिम्मेदार साहसिक पर्यटन को निरंतर बढ़ावा दे रहा है।



