
प्रमुख सचिव (लोक निर्माण) ने 3 दिन में मांगा जवाब, मंत्री के चोपाल दौरे के दौरान साइट पर अनुपस्थित रहने का आरोप
IBEX NEWS BUREAU,शिमला, 21 जुलाई।
हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग (HPPWD) ने लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री के 19 जुलाई को चोपाल क्षेत्र के प्रस्तावित दौरे के दौरान साइट पर अनुपस्थित रहने के मामले में विभाग के तीन वरिष्ठ अधिकारियों को कारण बताओ (Show Cause) नोटिस जारी किया है। अधिकारियों से तीन दिन के भीतर अपना पक्ष स्पष्ट करने को कहा गया है।



जारी कार्यालय ज्ञापनों के अनुसार, 19 जुलाई को मंत्री का मालकोट और नानहार (HPPWD डिवीजन चोपाल) का दौरा निर्धारित था। इस दौरान विभिन्न सड़क परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास के साथ-साथ नानहार में पारंपरिक बिशु मेले के समापन समारोह में भी शामिल होना था। विभाग का कहना है कि दौरे का कार्यक्रम 17 जुलाई को ही सभी संबंधित अधिकारियों को भेज दिया गया था, इसके बावजूद संबंधित अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं थे।
विभाग के अनुसार, मंत्री को योजनाओं के उद्देश्यों की जानकारी देने तथा क्षेत्र के विकास कार्यों और विभागीय कार्ययोजना पर आवश्यक प्रस्तुतीकरण के लिए इन अधिकारियों की उपस्थिति जरूरी थी।
जिन अधिकारियों को नोटिस जारी किए गए हैं, उनमें नितिन ठाकुर, सहायक अभियंता (सिविल) एवं अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे अधिशासी अभियंता, HPPWD डिवीजन ठियोग; दीपक राज चौहान, अधीक्षण अभियंता (सिविल), HPPWD चौथा सर्किल शिमला; तथा विजय चौधरी, अधीक्षण अभियंता (सिविल) एवं मुख्य अभियंता, शिमला जोन का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे अधिकारी शामिल हैं।
प्रमुख सचिव (लोक निर्माण) की ओर से जारी ज्ञापनों में तीनों अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे तीन दिन के भीतर यह स्पष्ट करें कि मंत्री के दौरे के दौरान वे स्थल पर उपलब्ध क्यों नहीं थे। विभाग ने कहा है कि प्राप्त जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


