
IBEX NEWS BUREAU,शिमला।
जिला शिमला पुलिस द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्पैशल सैल शिमला एवं थाना ढली पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब के दो युवकों को चिट्टा/हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 8 ग्राम चिट्टा बरामद किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 14 मई 2026 को स्पैशल सैल शिमला की टीम बैमलोई, छोटा शिमला, संजौली एवं ढली क्षेत्र में गश्त और अपराध रोकथाम ड्यूटी पर तैनात थी। इसी दौरान ढली चौक पर पुलिस को विश्वसनीय गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि दो व्यक्ति क्षेत्र में चिट्टा सप्लाई का कारोबार कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में ढली क्षेत्र में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान दो युवकों को पकड़ा गया, जिनकी तलाशी लेने पर उनके कब्जे से करीब 8 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तरविन्द्र सिंह (22 वर्ष) पुत्र इन्द्रजीत सिंह निवासी पटियाला, पंजाब तथा मोहित कुमार (29 वर्ष) पुत्र लखवीर सिंह निवासी पटियाला, पंजाब के रूप में हुई है।
पुलिस थाना ढली में दोनों आरोपियों के खिलाफ अभियोग संख्या 37/2026, अधीन धारा 21 एवं 29 ND&PS Act के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर चार दिन की पुलिस हिरासत में लिया गया है।
जिला शिमला पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी प्रदेश में किन-किन क्षेत्रों में नशे की सप्लाई कर रहे थे और इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।



