
IBEX NEWS BUREAU,रामपुर/शिमला। जिला शिमला पुलिस द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना कुमारसैन की डिटेक्शन टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो युवकों को चिट्टा/हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 7 ग्राम चिट्टा बरामद किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 12 मई 2026 को सब डिवीजन रामपुर की डिटेक्शन टीम NH-05 पर बारुबाग क्षेत्र में गश्त एवं वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर एक ट्रक को जांच के लिए रोका।
वाहन की तलाशी स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक में सवार दो व्यक्तियों के कब्जे से करीब 7 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुशताक अली पुत्र हसन अली निवासी गांव भद्राश, डाकघर दत्तनगर, तहसील रामपुर तथा बलबीर पुत्र चैन राम निवासी गांव मकडोग, डाकघर कुंगल बाल्टी, तहसील ननखड़ी, जिला शिमला के रूप में हुई है।
बरामदगी के आधार पर पुलिस थाना कुमारसैन में अभियोग संख्या 37/2026, अधीन धारा 21 एवं 29 ND&PS Act के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय से रिमांड पर लिया है तथा मामले की आगामी जांच जारी है।
जिला शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और युवाओं को नशे के जाल से बचाने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी।



