
IBEX NEWS BUREAU,शिमला
युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से जागरूक करने तथा समाज में नशा विरोधी संदेश को सशक्त बनाने के उद्देश्य से जिला पुलिस शिमला द्वारा चलाए जा रहे नशा उन्मूलन एवं जागरूकता अभियान के अंतर्गत पुलिस अधिकारी लगातार स्थानीय युवाओं खासकर विद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों का दौरा कर विद्यार्थियों के साथ संवाद स्थापित कर रहे हैं।
इसी क्रम में एसडीपीओ रोहड़ू द्वारा DAV School, Saraswati Nagar का दौरा किया गया, जहां लगभग 500 विद्यार्थियों के साथ एक जागरूकता एवं प्रेरणात्मक सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को विशेष रूप से नशे के दुष्प्रभावों, युवाओं पर इसके सामाजिक एवं व्यक्तिगत प्रभाव तथा नशे से दूर रहने के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि नशा न केवल व्यक्तिगत जीवन को प्रभावित करता है बल्कि परिवार एवं समाज पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है।
इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों के साथ शिक्षा का महत्व, विद्यालय जीवन में अनुशासन, सोशल मीडिया का जिम्मेदार उपयोग, साइबर जागरूकता, कैरियर मार्गदर्शन तथा अन्य प्रेरणात्मक विषयों पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को सकारात्मक जीवन मूल्यों की ओर प्रेरित करना तथा उन्हें जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।



