
IBEX NEWS BUREAU,Shimla ठियोग, 8 जून। जिला शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन व्यक्तियों को 9 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) सहित गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस थाना ठियोग की टीम ने गजेरी क्षेत्र में की।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार गश्त एवं अपराध रोकथाम ड्यूटी के दौरान टीम को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि एक वाहन में सवार तीन व्यक्ति चिट्टा की खरीद-फरोख्त करने का प्रयास कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 9 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई।
इस संबंध में पुलिस थाना ठियोग में अभियोग संख्या 74/2026 दिनांक 5 जून 2026 को एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 एवं 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश चौहान (38) निवासी मधोल, तहसील जुब्बल, मानिक सूद (29) निवासी मेन बाजार कोटखाई तथा अंशुल शर्मा निवासी डाकघर डीम, तहसील जुब्बल के रूप में हुई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामले में आरोपियों के पुलिस रिमांड के दौरान नशा तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। शिमला पुलिस ने दोहराया है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।




