
IBEX NEWS BUREAU,शिमला, 8 जून
जिला शिमला पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्पेशल सेल की टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने बालूगंज (शिमला पश्चिमी) थाना क्षेत्र के तहत तारादेवी-टुटू बाईफरकेशन के पास नाकाबंदी कर एक 24 वर्षीय युवक को हेरोइन (चिट्टा) और भारी मात्रा में नशीली गोलियों व कैप्सूल के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, स्पेशल सेल शिमला की टीम को एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि बिलासपुर का रहने वाला एक युवक, जो आजकल शिमला के कुसुम्पटी में रह रहा है, अवैध रूप से चिट्टा और हेरोइन सप्लाई करने का धंधा करता है। मुखबिर ने बताया कि आरोपी तारादेवी-टुटू बाईफरकेशन क्षेत्र में किसी को नशे की खेप सप्लाई करने आने वाला है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए स्वतंत्र गवाहों को साथ लिया और मौके पर जाल बिछाकर संदिग्ध युवक को दबोच लिया।

पुलिस ने जब स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में आरोपी के पिट्ठू बैग की तलाशी ली, तो उसके भीतर से लगभग 7 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और 85 प्रतिबंधित नशीली गोलियाँ व कैप्सूल (Buprenorphine, Naloxone, Mirtazapine और Pregabalin) बरामद हुए। जब पुलिस ने आरोपी से इन प्रतिबंधित दवाइयों और नशे के संबंध में वैध दस्तावेज या लाइसेंस मांगा, तो वह कोई भी कागजात पेश नहीं कर सका।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 24 वर्षीय हरशल, पुत्र अश्वनी कुमार, निवासी जिला बिलासपुर (हाल निवासी कुसुम्पटी, शिमला) के रूप में हुई है।



