
चिट्टा मुक्त हिमाचल के लिए मजबूत होगा खुफिया तंत्र, निचार स्कूल के छात्रों को नशा विरोधी नाटिका पर ₹25 हजार का पुरस्कार
IBEX NEWS BUREAU,शिमला
राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने गुरुवार को निचार में आयोजित ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितैषी प्रशासन सुनिश्चित करने के लिए गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रही है।
अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार नशा मुक्त हिमाचल के निर्माण के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। चिट्टा तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस विभाग के खुफिया तंत्र को और मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों, शिक्षकों, अभिभावकों और समाजसेवियों से इस अभियान में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।
- निचार में सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम आयोजित।
- मंत्री जगत सिंह नेगी ने लोगों की समस्याएं सुनीं।
- चिट्टा मुक्त हिमाचल के लिए खुफिया तंत्र मजबूत करने की बात कही।
- किन्नौर में आधुनिक बागवानी अपनाने पर जोर।
- पांच सरकारी स्कूलों में सीबीएसई पैटर्न पर अंग्रेजी माध्यम शिक्षा शुरू होगी।
- आपदा प्रभावित परिवारों को राहत और पुनर्निर्माण सहायता की जानकारी दी।
- नशा विरोधी नाटिका पर छात्रों को 25 हजार रुपये पुरस्कार।
- 47.13 लाख रुपये की पेयजल योजना का लोकार्पण किया।



बागवानी क्षेत्र का उल्लेख करते हुए जगत सिंह नेगी ने कहा कि वैश्विक प्रतिस्पर्धा के दौर में किन्नौर के सेब को बेहतर बाजार और उचित मूल्य दिलाने के लिए आधुनिक बागवानी तकनीकों को अपनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने विपणन व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने पर भी बल दिया।



मंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार 150 सीबीएसई पैटर्न स्कूल स्थापित कर रही है, जहां पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम में शिक्षा दी जाएगी। किन्नौर जिले में निचार, भावानगर, सांगला, रिकांगपिओ और कानम स्कूलों को इस योजना में शामिल किया गया है, जबकि अगले शैक्षणिक सत्र में पूह और कटगांव स्कूलों को भी जोड़ा जाएगा।


उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 की आपदा के बाद प्रदेश सरकार ने राहत मैनुअल में संशोधन कर प्रभावित परिवारों को राहत प्रदान की तथा क्षतिग्रस्त मकानों के पुनर्निर्माण के लिए सात लाख रुपये तक की सहायता उपलब्ध करवाई।




कार्यक्रम के दौरान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला निचार के विद्यार्थियों द्वारा चिट्टा विरोधी विषय पर प्रस्तुत लघु नाटिका की सराहना करते हुए मंत्री ने विद्यालय को 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की।




इस अवसर पर उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने जिला प्रशासन की विकासात्मक गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम के उपरांत मंत्री ने जल शक्ति विभाग द्वारा 47.13 लाख रुपये की लागत से निर्मित ग्रांगे-निचार पेयजल योजना का लोकार्पण भी किया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुधीर सिंह नेगी, पुलिस उपाधीक्षक राजकुमार, बीडीओ विजय नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।




