
स्पेशल सेल शिमला की कार्रवाई, सुन्नी थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
IBEX NEWS BUREAU,शिमला, 12 जून। जिला शिमला पुलिस द्वारा नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्पेशल सेल शिमला ने दो व्यक्तियों को 915 ग्राम अफीम सहित गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बरामद अफीम के साथ वाहन को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10/11 जून की मध्यरात्रि को स्पेशल सेल शिमला की टीम छोटा शिमला, ढली, मशोबरा, बसंतपुर, सुन्नी, कधरघाट और जलोग क्षेत्रों में गश्त व यातायात जांच पर थी। इसी दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर एक वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान वाहन के डैशबोर्ड से लगभग 915 ग्राम अफीम बरामद हुई। वाहन में सवार व्यक्तियों की पहचान दिनेश ठाकुर (45) निवासी गांव भोग, डाकघर भोगड़ा, तहसील ठियोग तथा धर्मेंद्र हिमराल (33) निवासी गांव बनूना, डाकघर गढ़ेरी, तहसील सुन्नी, जिला शिमला के रूप में हुई।
बरामद मादक पदार्थ के संबंध में दोनों आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस थाना सुन्नी में अभियोग संख्या 23/2026 के तहत धारा 18 एवं 29 एनडीपीएस अधिनियम में मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा तथा मामले की गहन जांच जारी है। जिला शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के विरुद्ध अपनी मुहिम को आगे भी जारी रखने की बात कही है।




