
ऋषभ सल्होत्रा ने जीता‘वॉयस ऑफ माउंटेन्स’ का खिताब*
IBEX NEWS BUREAU,शिमला
अंतर्राष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव-2026 के अंतर्गत आयोजित गायन प्रतियोगिता ‘वॉयस ऑफ माउंटेन्स’ का भव्य फाइनल आज उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता के अंतिम चरण में पहुंचे प्रतिभागियों ने अपनी मधुर आवाज और उत्कृष्ट गायन प्रतिभा से दर्शकों एवं निर्णायक मंडल को मंत्रमुग्ध कर दिया।
पहला स्थान ऋषभ सल्होत्रा ने जीता तो दूसरा स्थान शॉलू धीमान और तीसरा स्थान अंजलि ने जीता। पहले इनाम के रूप में 51 हजार, दूसरे इनाम के रूप में 31 हजार तथा तीसरे स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 21 हजार का नकद इनाम और सर्टिफिकेट व स्मृतिचिह्न देकर अंतिम सांस्कृतिक संध्या के मुख्यतिथि उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सम्मानित किया।
फाइनल मुकाबले में विभिन्न जिलों से चयनित 06 प्रतिभाशाली प्रतिभागियों ने फिल्मी, लोक एवं सूफी गीतों सहित विभिन्न विधाओं में अपनी प्रस्तुतियां दीं। प्रतिभागियों ने सुर, ताल और भावपूर्ण गायन के माध्यम से अपनी कला का प्रभावशाली प्रदर्शन किया, जिसकी दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहना की।
प्रतियोगिता के दौरान युवा गायकों ने अपनी संगीत प्रतिभा का परिचय देते हुए मंच पर आत्मविश्वास और समर्पण का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम ने स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया तथा प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक एवं संगीत परंपरा को भी नई पहचान दी।
निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन उनकी गायन क्षमता, स्वर माधुर्य, मंच प्रस्तुति और गीत चयन के आधार पर किया। प्रतियोगिता के विजेताओं एवं उपविजेताओं को सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर उपस्थित दर्शकों ने प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और पूरे कार्यक्रम के दौरान जोश एवं उत्साह का वातावरण बनाए रखा। प्रतियोगिता ने युवाओं में संगीत के प्रति रुचि को बढ़ावा देने के साथ-साथ उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने का मंच भी उपलब्ध कराया।
अंतर्राष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव-2026 के अंतर्गत आयोजित ‘वॉयस ऑफ माउंटेन्स’ का फाइनल कार्यक्रम उत्सव के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहा और संगीत प्रेमियों के लिए एक यादगार संध्या साबित हुआ।
-०-




