
IBEX NEWS BUREAU ,शिमला
शिमला के संजौली स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में सरस्वती पैराडाइज इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल के सामने महिला मनीषा मित्तल की गोली मारकर ह/त्या के सनसनीखेज मामले का शिमला पुलिस ने महज 39 घंटे में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हरियाणा के रोहतक से दो पेशेवर शूटरों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई दो पिस्तौल भी बरामद कर ली हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सफेद रंग की स्विफ्ट कार में शिमला पहुंचे थे और पहचान छिपाने के लिए अपनी हरियाणा नंबर की गाड़ी पर एचपी-10 सीरीज का फर्जी हिमाचली नंबर लगा रखा था। तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल साक्ष्यों और खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष अहलावत (22), निवासी झज्जर, हरियाणा और दीपक (25), निवासी रोहतक, हरियाणा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराएं शामिल हैं।
शिमला पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच जारी है और सभी पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है।




