
सीक्रेट बैलेट की अनिवार्य प्रक्रिया को दरकिनार कर कांग्रेस के पक्ष में परिणाम घोषित करना लोकतंत्र पर सीधा हमला
IBEX NEWS BUREAU,शिमला
मुख्यमंत्री के दबाव में प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा किया गया अलोकतांत्रिक कृत्य, भाजपा करेगी लोकतांत्रिक संघर्ष
शिमला, 23 जून। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने जिला हमीरपुर के सुजानपुर नगर परिषद में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव के दौरान हुई घटनाओं को लोकतंत्र और संविधान की खुलेआम हत्या करार देते हुए कांग्रेस सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि पंचायतीराज और नगर निकाय चुनावों में लगातार जनता का समर्थन भारतीय जनता पार्टी को मिल रहा है और कांग्रेस पार्टी का जनाधार तेजी से खिसक रहा है। इसी बौखलाहट में कांग्रेस सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं और संवैधानिक प्रक्रियाओं को कुचलने का कार्य कर रही है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि आज सुजानपुर नगर परिषद में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के चुनाव निर्धारित थे। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस पार्टी दोनों पक्षों के प्रत्याशियों द्वारा विधिवत नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। नामांकन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद लोकतांत्रिक परंपरा और निर्धारित नियमों के अनुसार मतदान कराया जाना आवश्यक था। किंतु आश्चर्यजनक रूप से मतदान की प्रक्रिया ही नहीं करवाई गई और रिटर्निंग अधिकारी ने बिना वोटिंग करवाए कांग्रेस के पक्ष में परिणाम घोषित कर दिया।
उन्होंने कहा कि नगर परिषद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव के लिए स्पष्ट कानूनी प्रावधान हैं, जिनके अनुसार सीक्रेट बैलेट के माध्यम से मतदान करवाया जाना अनिवार्य है। लोकतंत्र की मूल भावना भी यही है कि निर्वाचित प्रतिनिधि स्वतंत्र और निष्पक्ष रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करें। लेकिन सुजानपुर में सभी संवैधानिक और कानूनी प्रक्रियाओं को ताक पर रखकर जिस प्रकार परिणाम घोषित किया गया है, वह न केवल लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान है बल्कि संविधान की आत्मा पर भी कुठाराघात है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि संबंधित सब डिवीजनल मैजिस्ट्रेट द्वारा अपनाई गई प्रक्रिया पूरी तरह से नियमों और कानून के विपरीत है। बिना मतदान कराए किसी उम्मीदवार को विजयी घोषित करना लोकतंत्र की हत्या के समान है। यह घटना इस बात का प्रमाण है कि कांग्रेस सरकार चुनावी पराजय के भय से प्रशासनिक तंत्र का दुरुपयोग कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कोई भी प्रशासनिक अधिकारी राजनीतिक दबाव के बिना इस प्रकार का गैर-कानूनी निर्णय नहीं ले सकता। यह स्पष्ट रूप से मुख्यमंत्री और सरकार के दबाव में लिया गया निर्णय प्रतीत होता है। कांग्रेस सरकार अपनी हार को सामने देखकर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास कर रही है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इस पूरे प्रकरण की कड़े शब्दों में निंदा करती है और मांग करती है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाए। साथ ही चुनाव प्रक्रिया को नियमों के अनुरूप पुनः संचालित किया जाए ताकि लोकतंत्र और संविधान की गरिमा बनी रहे।
उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र, संविधान और जनमत की रक्षा के लिए हर लोकतांत्रिक एवं कानूनी विकल्प का उपयोग करेगी तथा जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी। कांग्रेस सरकार को यह समझ लेना चाहिए कि प्रशासनिक दबाव और संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग से जनता के जनादेश को लंबे समय तक दबाया नहीं जा सकता।
डॉ. बिंदल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता सब कुछ देख रही है और लोकतंत्र को कमजोर करने वाले ऐसे प्रयासों का उचित जवाब आने वाले समय में देगी।



