
IBEX NEWS BUREAU,शिमला/केलांग, 25 जून:
लाहौल-स्पीति पुलिस ने एक त्वरित और सफल रेस्क्यू अभियान चलाते हुए घेपन झील (Ghepan Lake) से लौटते समय रास्ता भटक गए दो ट्रेकर्स को सुरक्षित बचा लिया।





पुलिस के अनुसार 23 जून 2026 की शाम आपातकालीन हेल्पलाइन 112 पर सूचना प्राप्त हुई कि दो ट्रेकर्स अंधेरा होने और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र के कारण रास्ता भटक गए हैं। सूचना मिलते ही लाहौल-स्पीति पुलिस ने जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA), अग्निशमन विभाग, होमगार्ड तथा एक स्थानीय गाइड के सहयोग से तत्काल रात्रिकालीन रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
कड़ी मशक्कत और व्यापक खोजबीन के बाद रेस्क्यू टीम ने दोनों ट्रेकर्स को सिस्सू से लगभग 11 किलोमीटर दूर एक नाले के समीप खोज निकाला। दोनों सुरक्षित और स्वस्थ पाए गए। उन्हें आवश्यक सहायता प्रदान करने के बाद उनके गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाया गया।
इस सफल अभियान ने विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतरीन समन्वय, तत्परता और जनसेवा के प्रति समर्पण को दर्शाया है। लाहौल-स्पीति पुलिस ने कहा कि वह नागरिकों और पर्यटकों की सुरक्षा के लिए हर समय तत्पर है।

