
रामपुर से जीरकपुर और मोहाली तक पहुंची जांच, वैज्ञानिक अन्वेषण से उजागर हुआ अंतरराज्यीय नशा नेटवर्क
IBEX NEWS BUREAU,शिमला, 25 जून।
जिला शिमला पुलिस द्वारा नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुल लगभग 203 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद की है। पुलिस ने इन मामलों में अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार कर नशा आपूर्ति श्रृंखला से जुड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है।
पहले मामले में 23 जून 2026 को डिटेक्शन सेल रामपुर की टीम ने भैरा खंड सड़क, एनएच-05 पर गश्त के दौरान प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर नाकाबंदी कर एक संदिग्ध वाहन को रोका। तलाशी के दौरान वाहन से 25 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। वाहन में सवार अनिल रिबल्टा (23), प्रशांत मैहता (25) और तेजस्वी (24) को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ पुलिस थाना रामपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गहन जांच, मोबाइल फोन विश्लेषण, सीडीआर-आईपीडीआर परीक्षण तथा वित्तीय लेन-देन की जांच के दौरान पुलिस ने नशा आपूर्ति श्रृंखला के अन्य सदस्यों तक पहुंच बनाई। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने चिट्टा खरीदने के लिए नवदीप मेहता उर्फ पियूष से संपर्क किया था और उसे 11 हजार रुपये की राशि भी भेजी गई थी। आगे की जांच में पता चला कि नवदीप ने आरोपी सचिन गौर के माध्यम से यह खेप उपलब्ध करवाई थी।
इसके बाद गठित विशेष पुलिस दल ने जीरकपुर से नवदीप मेहता उर्फ पियूष (22) और डकोली, जीरकपुर से मुख्य सप्लायर सचिन गौर (26) को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
दूसरे मामले में 20 जून 2026 को स्पेशल सेल शिमला ने कनलोग क्षेत्र के एक होम स्टे में छापेमारी कर बठिंडा निवासी गोपाल कुमार (34) के कमरे से 16 ग्राम चिट्टा बरामद किया। आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस थाना न्यू शिमला में मामला दर्ज किया गया।
मामले की जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल डेटा और कॉल डिटेल रिकॉर्ड के विश्लेषण से एक अन्य आरोपी गुरुवचन उर्फ गुरु (25) की संलिप्तता सामने आई। विशेष टीम ने 23 जून को मोहाली में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से 162 ग्राम चिट्टा बरामद किया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गुरुवचन एक संगठित नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हुआ था और मोहाली स्थित अपने किराए के फ्लैट में बड़ी मात्रा में चिट्टा संग्रहीत कर शिमला के विभिन्न क्षेत्रों में इसकी आपूर्ति करता था। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
जिला पुलिस के अनुसार, इन मामलों में केवल मादक पदार्थों की बरामदगी ही नहीं की गई, बल्कि वैज्ञानिक और तकनीकी जांच के माध्यम से नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क तक पहुंच बनाकर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


