
अंतर्राष्ट्रीय मादक द्रव्य निवारण दिवस पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित
IBEX NEWS BUREAU,शिमला
अंतर्राष्ट्रीय मादक द्रव्य निवारण दिवस के अवसर पर आज ऐतिहासिक रिज मैदान, शिमला में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश सरकार के राजस्व एवं बागबानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सचिव सी.पी. वर्मा और निदेशक( इसोमसा) सुमित खिम्टा ने मुख्य अतिथि का हिमाचली शॉल, टोपी एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया।
मुख्य अतिथि ने उपस्थित जनसमूह को नशा निषेध की शपथ दिलाई तथा समाज को नशे के दुष्प्रभावों से मुक्त बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। इसके उपरांत उन्होंने जनजागरूकता के उद्देश्य से आयोजित वॉकाथॉन एवं साइक्लोथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्य अतिथि ने शांति, सद्भाव एवं नशा मुक्त समाज के संदेश के प्रतीक स्वरूप कबूतर भी उड़ाए।



इस अवसर पर मुख्य अतिथि जगत सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए बहुआयामी स्तर पर कार्य कर रही है। सरकार केवल नशा तस्करी पर प्रभावी कार्रवाई ही नहीं कर रही, बल्कि जनजागरूकता, नशा मुक्ति, पुनर्वास तथा युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए भी निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने नशे के विरुद्ध अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है तथा कानून प्रवर्तन एजेंसियों को नशा तस्करों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही विद्यालयों, महाविद्यालयों, पंचायतों एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से व्यापक जागरूकता अभियान संचालित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। इसलिए नशे के विरुद्ध यह लड़ाई केवल सरकार की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेल, शिक्षा, संस्कृति एवं रचनात्मक गतिविधियों में भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।



कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के निदेशक पंकज ललित, उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप, महिला एवं बाल विकास विभाग के अतिरिक्त निदेशक मोहन दत्त शर्मा, जिला कल्याण अधिकारी कपिल शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।


