
हिमाचल में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। चंबा के चुराह में एक ऑल्टो कार खाई में गिर गई। कार सवार चारों लोगों की मौत हो गई। कार सवार शादी समारोह से लौट रहे थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
IBEX NEWS BUREAU,शिमला
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के चुराह उपमंडल में शनिवार देर रात एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया। नकरोड़-हिमगिरि डैम साइड सड़क पर एक ऑल्टो के-10 कार अनियंत्रित होकर सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरी, जिससे कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि कार खाई में गिरते हुए बैरासियूल नदी तक जा पहुंची। टक्कर के बाद वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना स्थल का मंजर बेहद दर्दनाक था, जहां मृतकों के शव आसपास बिखरे पड़े मिले।यह दर्दनाक हादसा जिला चंबा के चुराह उपमंडल में नकरोड़-हिमगिरि डैम साइड सड़क पर हुआ। ऑल्टो के10 कार (एचपी44ए-0494) अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी थी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए। कार सवार शादी समारोह से लौट रहे थे। पुलिस, अग्निशमन और ग्रामीणों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
रात के सन्नाटे को चीरती इस दुर्घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू करने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और बचाव दल घटनास्थल के लिए रवाना हुए।
पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है और सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
इस दुखद हादसे से पूरे चुराह क्षेत्र में शोक की लहर है। अचानक चार जिंदगियों के असमय काल के गाल में समा जाने से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं स्थानीय लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं। मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों को लेकर पुलिस की कार्रवाई जारी है ।


