
प्रदेश सरकार ने तत्काल प्रभाव से की नियुक्ति, बोर्ड में गैर-सरकारी सरकारी नामित सदस्य भी बनाए गए
IBEX NEWS BUREAU,शिमला, 30 जून। हिमाचल प्रदेश सरकार ने कैलाश जिला सहकारी विपणन एवं उपभोक्ता संघ (कैलाश फेडरेशन) में महत्वपूर्ण नियुक्ति करते हुए शिमला जिले के गांव क्रांड, डाकघर भोंट निवासी बलदेव सिंह ठाकुर को फेडरेशन का चेयरमैन नियुक्त किया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।

सहकारिता विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, हिमाचल प्रदेश सहकारी समितियां अधिनियम, 1968 की धारा 35 के तहत बलदेव सिंह ठाकुर को कैलाश जिला सहकारी विपणन एवं उपभोक्ता संघ लिमिटेड के निदेशक मंडल में सरकार के गैर-सरकारी नामित सदस्य (Government Nominee) के रूप में भी नामित किया गया है।
इसके अतिरिक्त, अधिनियम की धारा 34 (2-AA) के तहत उन्हें जनहित में तत्काल प्रभाव से कैलाश जिला सहकारी विपणन एवं उपभोक्ता संघ लिमिटेड का चेयरमैन नियुक्त किया गया है।
यह अधिसूचना सहकारिता विभाग के सचिव अमरजीत सिंह द्वारा जारी की गई है। नियुक्ति की प्रतियां राज्यपाल सचिवालय, मुख्यमंत्री कार्यालय, उपमुख्यमंत्री कार्यालय, सहकारिता विभाग के रजिस्ट्रार, उपायुक्त शिमला तथा संबंधित अधिकारियों को भेजी गई हैं।
इस नियुक्ति को सहकारिता क्षेत्र में संगठनात्मक मजबूती और प्रशासनिक कार्यों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


