
टूटे पुल, बदहाल सड़कें और ठप दूरसंचार सेवाओं को लेकर सौंपा ज्ञापन, दोषियों पर कार्रवाई की उठाई मांग
IBEX NEWS BUREAU,शिमला
लाहौल-स्पीति की मयाड़ घाटी में बदहाल सड़कें, अधूरे पुल और खराब दूरसंचार सेवाओं को लेकर स्थानीय युवाओं का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। शनिवार को मयाड़ घाटी के युवाओं ने विधायक अनुराधा राणा को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो घाटी के लोग धरना-प्रदर्शन और जन आंदोलन शुरू करेंगे।

ज्ञापन में युवाओं ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में निर्माणाधीन पुल उद्घाटन से पहले ही क्षतिग्रस्त हो गया, जो निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही और घटिया गुणवत्ता की ओर इशारा करता है। उन्होंने पुल निर्माण की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इसके अलावा, क्षेत्र की मुख्य सड़कें जर्जर होने से लोगों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खराब सड़कें दुर्घटनाओं को न्योता दे रही हैं और मरीजों, गर्भवती महिलाओं तथा स्कूली बच्चों को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
युवाओं ने यह भी कहा कि मयाड़ घाटी में मोबाइल और इंटरनेट सेवाएं बेहद खराब हैं, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई, ऑनलाइन सरकारी कार्य और आपातकालीन परिस्थितियों में संपर्क तक प्रभावित हो रहा है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि टूटा पुल जल्द दोबारा बनाया जाए, सड़कों की तत्काल मरम्मत शुरू की जाए और दूरसंचार कंपनियों के साथ समन्वय कर नेटवर्क समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।
विधायक अनुराधा राणा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि पुल का निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा तथा मामले में दोषी ठेकेदार और अधिकारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि, मयाड़ घाटी के युवाओं ने स्पष्ट किया है कि यदि आश्वासन पर अमल नहीं हुआ तो क्षेत्र की जनता बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन और जन आंदोलन करने को मजबूर होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और सरकार की होगी।


