
IBEX NEWS BUREAU,शिमला
शिमला पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चोपाल उपमंडल के कोफरधार (नगाह) क्षेत्र में बड़े पैमाने पर की जा रही अवैध भांग की खेती का भंडाफोड़ किया गया है। पुलिस ने करीब 10 बीघा भूमि पर उगाई गई भांग की फसल को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद नष्ट कर दिया है।
पुलिस के अनुसार 5 जुलाई 2026 को पुलिस थाना नेरवा की टीम गश्त के दौरान कोफरधार (नगाह) क्षेत्र में पहुंची। मौके पर लगभग 10 बीघा भूमि पर अवैध रूप से भांग की खेती पाई गई। कार्रवाई के दौरान राजस्व एवं वन विभाग के अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया गया और उनके समक्ष नियमानुसार कार्रवाई की गई।
प्रारंभिक जांच में एक बिस्वा भूमि में करीब 5,000 भांग के पौधे पाए गए। इसी आधार पर पूरे 10 बीघा क्षेत्र में लगभग 10 लाख भांग के पौधे होने का अनुमान लगाया गया। पुलिस ने नियमानुसार विभिन्न स्थानों से 40 भांग के पौधों के नमूने कब्जे में लिए, जबकि शेष फसल को आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद नष्ट कर दिया।
इस मामले में पुलिस थाना नेरवा में अज्ञात व्यक्ति अथवा व्यक्तियों के खिलाफ अभियोग संख्या 34/2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20, 61 और 85 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अवैध भांग की खेती करने वाले लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार और अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


